Ranchi News: राजधानी रांची के धुर्वा थाना इलाके में एक व्यक्ति का शव फंदे से झूलता मिला है. यह पूरा मामला थाना इलाके के स्मार्ट सिटी का है जहां व्यक्ति का शव रस्सी के फंदे से लटकता हुआ मिला. मृतक की पहचान की सेना (Army) के जवान अमन यादव के रुप में की गई है जो जगन्नाथपुर थाना इलाके के शिव मंदिर के पास का रहने वाला था. मृतक अमन Indian Army (भारतीय सेना) का जवान बताया जा रहा है जिसकी वर्तमान समय में दिल्ली में पोस्टिंग थी.
रांची स्मार्ट सिटी इलाके में व्यक्ति के शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और कारण है. वहीं, इलाके में इस खबर के सूचना जैसे ही लोगों को मिली उनके बीच सनसनी फैल गई है.
इधर, मामले में थाना प्रभारी विमल कुमार किंडो ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है. इस पूरे मामले में पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है कि अमन किसी वजह से तनाव में तो नहीं था? पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अन्य तथ्य सामने आएंगे जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लग पाएगा.








