पलामू में पुलिस की जांच पर DIG सख्त, एक DSP समेत 4 SI को शोकॉज ; तीन थानों के 11 मामलों...
पलामू में 11 आर्म्स एक्ट और फायरिंग मामलों की समीक्षा के दौरान जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई। DIG किशोर कौशल ने एक DSP और चार SI से स्पष्टीकरण मांगा है।

Palamu: पलामू जिले में आर्म्स एक्ट और फायरिंग जैसे संवेदनशील मामलों की जांच में लापरवाही सामने आने के बाद DIG किशोर कौशल ने सख्त रुख अपनाया है। DIG ने अनुसंधान में गंभीर शिथिलता बरतने के मामले में एक DSP और चार सब-इंस्पेक्टरों को शोकॉज जारी किया है। सभी से मामले में जवाब मांगा गया है।
तीन थानों के 11 मामलों की हुई समीक्षा
DIG किशोर कौशल ने मेदिनीनगर टाउन, मेदिनीनगर सदर और चैनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज आर्म्स एक्ट और फायरिंग से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान कुल 11 मामलों की फाइलों की जांच की गई। इनमें टाउन थाना के पांच, सदर थाना के तीन और चैनपुर थाना के तीन मामले शामिल थे।
समीक्षा में सामने आया कि इनमें से ज्यादातर मामले सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े हुए थे।
कहीं आरोपी नहीं पकड़े गए तो कहीं सहयोगियों पर कार्रवाई नहीं
मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अनुसंधान में कई गंभीर कमियां सामने आईं। कई मामलों में मुख्य आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे, लेकिन उनके साथ वारदात में शामिल अन्य सहयोगियों के खिलाफ कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं कुछ मामलों में नामजद आरोपी खुलेआम घूमते रहे, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी। जेल से जमानत पर बाहर आए कुख्यात अपराधियों की भी प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं किए जाने की बात सामने आई।
Crime Control Act के प्रस्ताव में भी बरती गई सुस्ती
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ Crime Control Act के तहत प्रस्ताव भेजने में टालमटोल की गई। इसके अलावा कई मामलों की प्रगति रिपोर्ट DSP स्तर पर महीनों से लंबित पड़ी थी।
इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए DIG ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
इन चार SI से मांगा गया स्पष्टीकरण
अनुसंधान में लापरवाही के मामले में चार सब-इंस्पेक्टरों को शोकॉज जारी किया गया है। इनमें तत्कालीन सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर कौलेश्वर प्रसाद, तत्कालीन टाउन थाना के सब-इंस्पेक्टर और वर्तमान हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलूल मन्नान, तत्कालीन टाउन थाना के सब-इंस्पेक्टर और वर्तमान किशनपुर OP प्रभारी चंद्रशेखर यादव तथा टाउन थाना के सब-इंस्पेक्टर सुबोध कुमार शामिल हैं।
इसके अलावा मामलों की समीक्षा रिपोर्ट को महीनों तक लंबित रखने और पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने को लेकर संबंधित DSP से भी शोकॉज जारी कर जवाब मांगा गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची कोर्ट ने सुनाई 43 किलो गांजा तस्करी में 5 को 10-10 साल की कठोर सजा

POCSO कोर्ट का बड़ा फैसला, 7 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या, दरिंदे नेसार अंसारी को सुनाई फांसी की सजा







