रेलवे ट्रैक पर मिला सरकारी शिक्षक का शव पैर गमछे से बंधे थे, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
मृतक के दोनों पैर एक गमछे से बेरहमी से बंधे हुए थे. यह इस बात का साफ और पुख्ता संकेत है कि शिक्षक को पहले बंधक बनाया गया, उनके साथ मारपीट की गई और फिर दम घोंटकर या किसी अन्य तरीके से मौत के घाट उतारने के बाद शव को यहां लाकर डंप कर दिया गया.

Gaya, Bihar : जिले के बेलागंज व चाकंद रेलवे स्टेशन के बीच उस समय सनसनी फैल गई, जब रेल पटरियों के किनारे एक 36 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान बुनियादगंज थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी मोहम्मद खुरूद्दीन के रूप में हुई है, जो पेशे से एक सरकारी शिक्षक थे. प्रथम दृष्टया यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है. आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने और हादसे का रूप देने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया. शव की स्थिति को देखकर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.
बेलागंज पुलिस के मुताबिक, जब उन्होंने शव को बरामद किया, तो मृतक के दोनों पैर एक गमछे से बेरहमी से बंधे हुए थे. यह इस बात का साफ और पुख्ता संकेत है कि शिक्षक को पहले बंधक बनाया गया, उनके साथ मारपीट की गई और फिर दम घोंटकर या किसी अन्य तरीके से मौत के घाट उतारने के बाद शव को यहां लाकर डंप कर दिया गया.
देर रात पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज और चाकंद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए रात के करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया. रात में ही कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा.
शिक्षा जगत में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मोहम्मद खुरूद्दीन वर्तमान में गया नगर निगम के वार्ड संख्या 48 स्थित पठान टोली मोहल्ले के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. वे अपने कर्तव्यों के प्रति बेहद सजग थे और स्थानीय लोगों के बीच लोकप्रिय बताए जा रहे. उनकी असमय और संदिग्ध मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव अलीपुर और स्कूल के सहकर्मियों तक पहुंची तो सभी सन्न रह गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या बता रहे हैं और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
जांच में जुटी पुलिस कई बिंदुओं पर टिकी सुई
इस मामले को लेकर बेलागंज पुलिस बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रही है. एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किए जाने की बात कही गई है. जांच अधिकारी मृतक के मोबाइल सीडीआर को खंगाल रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि घटना की शाम उनकी आखिरी बार किससे बात हुई थी. पुलिस आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद और अन्य संभावित दृष्टि कोण से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है.
थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामला पूरी तरह संदिग्ध और हत्या का जान पड़ता है. हम वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रहे हैं. शीघ्र ही मामले का खुलासा हो जाएगा.
(जीतेन्द्र कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में भीषण गर्मी में गहराया बिजली संकट, 6 दिनों से है बिजली गुल, लोगों का फूटा गुस्सा

संपत्ति विवाद में बाप ने बेटे पर किया चाकू से हमला, लव मैरेज से परिवार में होता रहता है कलह







