मोतिहारी में बेखौफ अपराधियों का आतंक, हथियार के बल पर अनाज व्यवसायी से 45 हजार की लूट
बिहार के मोतिहारी जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे है. ताजा खबर जिले के आदापुर थाना इलाके का है जहां अपराधियों ने हथियार के नोक पर एक अनाज व्यवसायी से लूट की वारदात को अंजाम दिया.

Motihari / Bihar (Report By-Pratik Singh): पूर्वी चंपारण के आदापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी. दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने एक अनाज व्यवसायी को हथियार के बल पर निशाना बनाते हुए करीब 40 से 45 हजार रुपये लूट लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं.
बताया जा रहा है कि महज एक महीने के अंदर यह दूसरी बड़ी आपराधिक वारदात है. इससे पहले भी अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को गोली मारकर लाखों रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था. लगातार हो रही घटनाओं से व्यवसायियों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है.
घटना बंशीधर उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप की है. जानकारी के अनुसार सिरिसिया कला पंचायत के इनरवा गांव निवासी स्व. प्रभु साह के पुत्र संजय प्रसाद अपने निजी मकान में अनाज खरीद-बिक्री की दुकान चलाते हैं. गुरुवार की शाम वे रोज की तरह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने अचानक हथियार निकालकर व्यवसायी को भयभीत किया और उनके पास मौजूद नकदी लूट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से तेजी से फरार हो गए. पीड़ित व्यवसायी संजय प्रसाद ने बताया कि अपराधी करीब 40 से 45 हजार रुपये लेकर भागे हैं. मामले को लेकर थाना में लिखित आवेदन दिया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही आदापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.
वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. स्थानीय लोगों का साफ तौर पर कहना है कि बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गए, जबकि पुलिस सिर्फ देखती रह गई. लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत और पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर पड़ा मिला एक अज्ञात युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस

नालंदा में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, सड़कें बनीं तालाब, लोग परेशान







