टेंडर कमीशन घोटाला: चार्जशीटेड रिटायर्ड एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संतोष कुमार का सरेंडर
पीएमएलए कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद एक लाख के निजी मुचलके पर जमानत, ईडी की पूरक चार्जशीट में 14 आरोपी; पूर्व मंत्री आलमगीर आलम पहले से जेल में बंद

Ranchi News: टेंडर कमीशन घोटाला मामले में चार्जशीटेड आरोपी और रिटायर्ड एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संतोष कुमार ने पीएमएलए की विशेष अदालत में सरेंडर कर दिया है. आत्मसमर्पण के बाद अदालत ने उन्हें एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी. कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मामले की सुनवाई की प्रत्येक निर्धारित तिथि पर उन्हें अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा.
जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की थी. पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए विशेष अदालत ने सभी आरोपियों को समन जारी किया था. समन जारी होने के बाद संतोष कुमार ने कोर्ट में पेश होकर सरेंडर किया. बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक आधा दर्जन से अधिक आरोपी अदालत में आत्मसमर्पण कर चुके हैं.
टेंडर कमीशन घोटाले को लेकर ईडी ने पहली बड़ी कार्रवाई वर्ष 2023 में की थी. उस दौरान कई इंजीनियरों और संबंधित व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई थी. छापेमारी में एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े साक्ष्य मिले थे, जिसके बाद जांच का दायरा और बढ़ाया गया. इसके बाद 6 मई 2024 को ईडी ने दूसरी बड़ी कार्रवाई की. इस दौरान इंजीनियरों, ठेकेदारों और कांट्रेक्टरों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. छापेमारी में भारी मात्रा में नकदी और कथित अवैध संपत्ति बरामद की गई.
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के ओएसडी रहे संजीव लाल के नौकर के ठिकाने से 30 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद होने का दावा किया गया था. वहीं ठेकेदार मुन्ना सिंह के यहां से 2.93 करोड़ रुपये और कांट्रेक्टर राजीव सिंह के ठिकाने से 2.14 करोड़ रुपये बरामद किए गए थे.
नकदी बरामदगी के बाद जांच की आंच पूर्व मंत्री आलमगीर आलम तक पहुंची. ईडी ने उनसे दो दिनों तक पूछताछ की और 15 मई 2024 को उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. तब से आलमगीर आलम न्यायिक हिरासत में हैं. उनके पूर्व ओएसडी संजीव लाल भी इस मामले में जेल में बंद हैं. फिलहाल ईडी की जांच जारी है. पूरक चार्जशीट दाखिल होने और आरोपियों के सरेंडर के बाद अब अदालत में आगे की सुनवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है. आने वाले दिनों में इस बहुचर्चित टेंडर कमीशन घोटाले में और कानूनी कार्रवाई होने की संभावना है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच हुए Mou का हजारों स्वास्थ्य कर्मियों को मिलेगा लाभ- CM हेमंत सोरेन

Ranchi में Best Friend के बर्थडे पार्टी के पहुंची युवती के साथ दुष्कर्म, पुलिस ने 3 आरोपी को दबोचा







