रिलेशनशिप को लेकर फिर विवादों में घिरे तेज प्रताप यादव, अनुष्का के भाई ने जबरन घर में घुसने का लगाया आरोप
6 जून की रात जब आकाश यादव राजस्थान में थे, तब तेज प्रताप यादव अपने पीए मोतीलाल यादव के साथ उनके घर पहुंचे. आरोप है कि घर में मौजूद परिवार के लोगों ने गेट नहीं खोला तो तेज प्रताप ने शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया.

Patna, Bihar : लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के खिलाफ पटना सिविल कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है. यह विवाद तेज प्रताप यादव के कथित 12 साल पुराने रिलेशनशिप के मुद्दे पर ही एक बार फिर खबरों में आया है. अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने तेज प्रताप पर जबरन घर में घुसने, धमकी देने और भांजी से मिलने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.
पुलिस ने दर्ज नहीं की प्राथमिकी
आकाश यादव का कहना है कि उन्होंने 10 जून को पाटलिपुत्र थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की. इसके बाद उन्होंने न्यायालय का रुख किया और शिकायती केस दर्ज किया. शिकायत के साथ पुलिस को दिए गए आवेदन की प्रति और अपने दावों के समर्थन में सबूत होने का भी दावा किया है.
जबरन घर में घुसने का आरोप
कोर्ट में दायर शिकायत के अनुसार, 6 जून की रात जब आकाश यादव राजस्थान में थे, तब तेज प्रताप यादव अपने पीए मोतीलाल यादव के साथ उनके घर पहुंचे. आरोप है कि घर में मौजूद परिवार के लोगों ने गेट नहीं खोला तो तेज प्रताप ने शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया और काफी देर तक वहीं रहे.आकाश यादव का आरोप है कि तेज प्रताप पहले भी कई बार बिना अनुमति उनके घर आते रहे हैं और परिवार डर के कारण उन्हें रोक नहीं पाता था.
फोन पर अपहरण की धमकी देने का आरोप
आकाश यादव का दावा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तेज प्रताप के पीए मोतीलाल यादव से फोन पर बात की. आरोप है कि बाद में तेज प्रताप से भी उनकी बातचीत कराई गई, जिसमें उन्हें कथित रूप से धमकी दी गई कि यदि उज्जैनी से मिलने से रोका गया तो उसका अपहरण करवा दिया जाएगा.शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ समय बाद एक विदेशी नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पुलिस में जाने पर गोली मारने की धमकी दी.
कैसे हुई मामले की शुरुआत?
यह विवाद उस समय सामने आया था जब तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का यादव के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए दोनों के कई वर्षों से रिश्ते में होने का दावा किया गया था. बाद में वह पोस्ट हटा दी गई और तेज प्रताप ने कहा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर उन्हें बदनाम करने की साजिश की गई थी.इसके बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से अलग करने का फैसला लिया था. हालांकि हाल के दिनों में दोनों के रिश्तों में सुधार की चर्चाएं भी सामने आई थीं और तेज प्रताप हाल ही में अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के बेटे के जन्मदिन समारोह में भी शामिल हुए थे.
फिलहाल आकाश यादव की शिकायत पर मामला न्यायालय के समक्ष है. अदालत की ओर से आगे की प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई के बाद ही आरोपों की सत्यता और मामले की दिशा स्पष्ट होगी. तेज प्रताप यादव की ओर से इन नए आरोपों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

आरा में मेघदूत इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

मोतिहारी पुलिस की कार्रवाई में 24 नाबालिग मुक्त, ऑर्केस्ट्रा की आड़ में थे शोषण के शिकार







