Bihar (Samastipur): समस्तीपुर से भ्रष्टाचार की आड़ में बनी खुरदरी सड़क का भंडाफोड़ होता नजर आ रहा है. दिए गए तस्वीरों में साफ-साफ देखा जा सकता है कि सड़क बनाने के क्रम में लगने वाली सामग्रियों का सही मात्रा में उपयोग नहीं किया गया है.
महज 15 दिनों में ही बनी समस्तीपुर के शिवाजीनगर की मुख्य सड़क की हालत खराब हो गई है. खंडहर में तब्दील होती इस सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं. जिससे आने-जाने वाले राहगीरों को काफी समस्या आ रही है. स्थानीय लोग बताते हैं कि प्रतिदिन ही किसी न किसी को गिरने के कारण चोट आ जाया करती है.
लोगों की मानें तो सड़ बनाने में बेहद घटिया किस्म की सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. जिस कारण सड़क ने निर्माण के सिर्फ 15 दिनों में ही दम तोड़ना शुरू कर दिया है.
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्तीपुर जिले में इन दिनों कई सड़कें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं. ठेकेदारों द्वारा सरकारी राशि का बंदरबांट किया जा रहा है और काम सिर्फ कागजों पर दिखाया जा रहा है.
सबसे बड़ी बात यह है कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक सड़क की गुणवत्ता की कोई जांच नहीं की गई है. विभागीय लापरवाही के कारण लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है.
स्थानीय जनता को आस है कि प्रशासन इस भ्रष्टाचार को गंभीरता से लेगी. अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और जिम्मेदारों पर कब तक कार्रवाई होती है.
रिपोर्ट: धर्म विजय गुप्ता








