झारखंड कांग्रेस प्रभारी के आरोप पर RJD का पलटवार, "राजद सिर्फ अपनी विचारधारा के प्रति जवाबदेह" : संजय सिंह यादव
भोला प्रसाद यादव ने कहा कि राजद कभी सांप्रदायिक ताकतों के सामने नहीं झुकी है और न आगे झुकेगी.

Ranchi, Jharkhand : झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने राजद पर सवाल उठाया है. राज्यसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद झारखंड महागठबंधन में सियासी तकरार खुलकर सामने आती नजर आ रही है. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी महागठबंधन के अंदर सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद की बात दबे शब्दों में सामने आ रही थी. कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार को लेकर कांग्रेस और राजद आमने-सामने हैं. कांग्रेस प्रभारी के. राजू के बयान पर पलटवार करते हुए आज राजद ने अपने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता की और दावा किया कि पार्टी के सभी चार विधायकों ने कांग्रेस प्रत्याशी को वोट दिया था. राजद नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से अपने नेताओं पर लगाम लगाने की मांग करते हुए कई तीखे सवाल भी उठाए.
कांग्रेस प्रभारी के बयान को बताया निंदनीय
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार के बाद शुरू हुई बयानबाजी अब खुली राजनीतिक लड़ाई का रूप लेती दिख रही है. रांची स्थित राजद प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव ने कांग्रेस प्रभारी के. राजू के बयान को निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि राजद के चारों विधायकों ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है और अगर किसी को संदेह है तो वोटिंग की जांच करा ली जाए. भोला प्रसाद यादव ने कहा कि राजद कभी सांप्रदायिक ताकतों के सामने नहीं झुकी है और न आगे झुकेगी.
'कांग्रेस को पहले अपने भीतर झांकने की जरूरत'
प्रेस वार्ता में झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राजद नीति और सिद्धांत की राजनीति करने वाली पार्टी है और कांग्रेस प्रत्याशी को वोट दिया गया था. संजय प्रसाद यादव ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने भीतर झांकने की जरूरत है और यह आत्मचिंतन करना चाहिए कि उसके विधायक उसके नियंत्रण में हैं या नहीं. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर ही अलग-अलग गुट हैं और हार की असली वजह वहीं तलाशनी चाहिए.
राजद अपनी विचारधारा के प्रति जवाबदेह
वहीं, राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने सार्वजनिक रूप से अपने सभी विधायकों को सामने लाकर स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को वोट दिया था. उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस संकट में रही है, राजद उसके साथ मजबूती से खड़ी रही है. लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस प्रभारी द्वारा लगाए गए आरोप दुर्भाग्यपूर्ण हैं. संजय सिंह यादव ने कहा कि राजद अपने नेतृत्व और विचारधारा के प्रति जवाबदेह है, किसी दूसरे दल के प्रति नहीं.
प्रणव झा को वोट देना था स्पष्ट निर्देश
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक सुरेश पासवान ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव का स्पष्ट निर्देश था कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को वोट देना है और उसी निर्देश का पालन किया गया. सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर ही कुछ लोग दोहरी राजनीति कर रहे हैं और अब हार के बाद राजद पर आरोप मढ़ने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि आज की प्रेस वार्ता कांग्रेस प्रभारी के बयान का जवाब देने के लिए आयोजित की गई है.
बहरहाल, राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद महागठबंधन के भीतर बढ़ी तल्खी अब खुलकर सामने आ चुकी है. कांग्रेस प्रभारी के बयान पर राजद ने एकजुट होकर जवाब दिया है और दावा किया है कि उसके सभी विधायकों ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया था. ऐसे में अब सबकी नजर कांग्रेस की अगली प्रतिक्रिया और महागठबंधन की भविष्य की राजनीति पर टिकी हुई है.
(रांची से यशवंत कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पेयजल योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीसी

ममता बनर्जी को नया झटका, TMC के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने दिया सभी पदों से इस्तीफा







