BDO आनंद कुमार विभूति के 5 ठिकानों पर छापेमारी, 1.71 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
दरभंगा के बहादुरपुर BDO आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU ने पांच ठिकानों पर छापेमारी की है।


दरभंगा: आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) आनंद कुमार विभूति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को EOU की अलग-अलग टीमों ने BDO से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। टीमों की ओर से संबंधित परिसरों में दस्तावेज और अन्य सामान की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दरभंगा के जनकपुरी मोहल्ला स्थित BDO के किराए के आवास और कार्यालय समेत अन्य ठिकानों पर तलाशी चल रही है। छापेमारी के दौरान आनंद कुमार विभूति आवास पर मौजूद नहीं थे। उनकी पत्नी से EOU की टीम पूछताछ कर रही है।
मुजफ्फरपुर के कांटी से हुआ था तबादला
जानकारी के मुताबिक, EOU की एक टीम ने मुजफ्फरपुर स्थित BDO कार्यालय में भी तलाशी अभियान चलाया है। आनंद कुमार विभूति का कुछ महीने पहले ही मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड से तबादला हुआ था, जिसके बाद उन्हें दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड का BDO बनाया गया था।
एक साथ कई ठिकानों पर चल रही कार्रवाई को आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल EOU की टीमें दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच में जुटी हैं।
1.71 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का आरोप
निगरानी विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आनंद कुमार विभूति के खिलाफ उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। जांच में 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति उनकी ज्ञात आय से अधिक पाए जाने का दावा किया गया है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय की तुलना में करीब 121.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति से संबंधित मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पांच ठिकानों पर तलाशी जारी
EOU की टीमें दरभंगा और मुजफ्फरपुर समेत संबंधित ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी में कितनी नकदी, दस्तावेज, आभूषण या संपत्ति से जुड़े कागजात बरामद हुए हैं।फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी छापेमारी पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
(दरभंगा से लक्ष्मण कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

छापेमारी के दौरान 20 लाख कैश लेकर भाग रहा था युवक, STF ने पकड़ा; चकिया के कारोबारी की पहचान

स्वच्छ वायु दिवस पर अदाणी पावर का पर्यावरण संदेश, प्लांट परिसर समेत अलग-अलग जगहों पर लगाए 200 पौधे







