Motihari: निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई.. घूस लेते प्राइवेट मुंशी गिरफ्तार, थानाध्यक्ष निलंबित
आदापुर थाना में निगरानी विभाग की कार्रवाई में 14 हजार घूस लेते मुंशी की गिरफ्तार आज सुबह हुई है. अब खबर आ रही है कि आदापुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है.

Bihar (Motihari): पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्राइवेट मुंशी को 14 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंतखाब आलम के रूप में हुई है, जो थाने में आधिकारिक रूप से नियुक्त नहीं होने के बावजूद मुंशी का कार्य कर रहा था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी आर्म्स लाइसेंस सत्यापन के नाम पर 14000 की रिश्वत मांग रहा था. पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कर आरोपी को पैसे लेते हुए पकड़ लिया.
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. मामले की जांच रक्सौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) से कराई गई, जिसमें थानाध्यक्ष की भूमिका भी संदेह के घेरे में पाई गई. जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक (SP) ने आदापुर थानाध्यक्ष पप्पू पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
घटना ने पुलिस व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे अहम सवाल यह है कि जब थाने में सरकारी मुंशी (थाना लेखक) की नियुक्ति होती है, तो फिर एक प्राइवेट व्यक्ति को इस तरह की जिम्मेदारी क्यों सौंपी गई.
सूत्रों के अनुसार, थाने में प्राइवेट व्यक्तियों के माध्यम से कार्य कराए जाने और अवैध वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं.
आदापुर थाना की यह कार्रवाई पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है. अब इस मामले में आगे और क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पत्नी को पढ़ाने के लिए मजदूरी की, जमीन बेची, BPSC टीचर बनते ही 10 साल के बेटे और पति को छोड़ा

मोतिहारी में बेखौफ अपराधियों का आतंक, हथियार के बल पर अनाज व्यवसायी से 45 हजार की लूट







