मोतिहारी में Disneyland मेला टेंडर पर सियासत तेज, जन सुराज ने उठाए लाखों के राजस्व नुकसान पर सवाल
डॉ. अतुल कुमार बोले- पिछले साल 1.75 लाख प्रतिदिन, इस बार 32 हजार कैसे? निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Motihari, Bihar : मोतिहारी में डिजिनिलैंड मेले के टेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है. जन सुराज के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित अनियमितताओं में शामिल नेताओं और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.
जन सुराज के मोतिहारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. अतुल कुमार ने कहा कि नगर भवन मैदान में आयोजित होने वाले डिजिनिलैंड मेले का टेंडर पिछले वर्ष करीब 1 लाख 75 हजार रुपये प्रतिदिन की दर से 31 दिनों के लिए दिया गया था, जबकि इस वर्ष यह दर घटकर महज 32. 5 हजार रुपये प्रतिदिन रह गई. उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राजस्व गिरावट के पीछे आखिर कौन जिम्मेदार है और किन परिस्थितियों में यह फैसला लिया गया.
डॉ. अतुल कुमार ने कहा कि मेले के आयोजन पर होने वाला खर्च लगभग समान है, लेकिन नगर निगम को मिलने वाला राजस्व काफी कम हो गया है. ऐसे में राजस्व के इस बड़े अंतर की जांच जरूरी है. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि पूरे टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके.
वहीं जन सुराज के प्रवक्ता अजय आजाद ने भी नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि जिला स्कूल का खेल मैदान, जहां छात्र नियमित रूप से खेलकूद और अभ्यास करते हैं, उसे बेहद कम दर पर मेले के लिए उपलब्ध कराया गया. उनके अनुसार, मैदान का टेंडर मात्र 3 हजार रुपये प्रतिदिन की दर पर दिया गया, जो कई सवाल खड़े करता है.
अजय आजाद ने दावा किया कि टेंडर प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए वे एसडीओ, नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के पास गए, लेकिन किसी के पास स्पष्ट जानकारी नहीं थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया पहले से तय थी और कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से टेंडर किया गया.
जन सुराज नेताओं ने कहा कि बच्चों और खिलाड़ियों के उपयोग वाले मैदानों को व्यावसायिक गतिविधियों के लिए देने से उनके हित प्रभावित होते हैं. उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बांका में बनेगा बिहार का पहला परमाणु बिजलीघर,जल आपूर्ति को मिली मंजूरी

मोतिहारी में स्टंटबाजी का वीडियो बनाना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के आधार पर युवक गिरफ्तार







