Motihari (Bihar): मोतिहारी जिले में बेखौफ अपराधियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. मामला जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के ताज बाबू चौक पास का है जहां रविवार देर रात अपराधियों ने पुलिस की मौजूदगी को चुनौती देते हुए दो दुकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. 
जानकारी के अनुसार, बेखौफ अपराधियों ने सुगौली-रक्सौल NH-28 किनारे स्थित व्यस्त इलाके में दो दुकानों का शटर तोड़ा और वहां से लाखों रुपये की नकदी के साथ कीमती सामान लेकर उड़ चले. बताया जा रहा है कि चोरों ने गणपति ट्रेडर्स और एक किराने की दुकान को अपना निशाना बनाया.
हैरानी की बात तो यह है कि इस पूरे वारदात को अंजाम देने में चोरों को काफी समय लगा, लेकिन पुलिस गश्ती टीम को इसकी भनक तक नहीं लगी. इससे अब यह सवाल उठना तो लाजिमी है कि आखिर रात में पुलिस की गश्ती हो भी रही थी या नहीं ? हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और औपचारिक जांच शुरू कर दी गई है . 
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह रही है. लेकिन सवाल यह है कि जब वारदात के वक्त ही पुलिस सक्रिय नहीं थी, तो बाद की कार्रवाई कितनी असरदार होगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं, इस घटना के बाद व्यवसायियों में खासा रोष देखने को मिल रहा है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह









