पीएम मोदी ने की बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा, दिए अहम निर्देश
प्रगति बैठक में टीबी मुक्त भारत और साइबर अपराध मामलों पर भी हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 52वीं प्रगति (PRAGATI) बैठक की अध्यक्षता करते हुए 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली चार बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। ये परियोजनाएं सड़क, बिजली, औद्योगिक कॉरिडोर और मेट्रो रेल क्षेत्र से जुड़ी हैं तथा चार राज्यों में चल रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का समय पर पूरा होना आर्थिक विकास, बेहतर संपर्क, उद्योगों के विस्तार और लोगों के हित के लिए जरूरी है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों को लंबित मामलों का जल्द समाधान कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के बेहतर उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी, मंजूरी, बुनियादी सुविधाओं और अन्य जरूरी आंकड़ों को नियमित रूप से अपडेट किया जाना चाहिए ताकि किसी भी बाधा की पहचान समय रहते हो सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि सही और अपडेटेड जानकारी से विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे। उन्होंने परियोजनाओं में देरी से बढ़ती लागत और लोगों को होने वाली परेशानी पर भी चिंता जताई।
प्रधानमंत्री ने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की और Artificial Intelligence के उपयोग को बढ़ाने की बात कही। इसके अलावा साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा करते हुए उन्होंने राज्यों से e-Zero FIR व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम करने को कहा। साथ ही लोगों को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









