मोतिहारी में पुलिस को खुली चुनौती: थाना के पास ATM काट ले गए चोर, SP ने गश्ती टीम को किया निलंबित
मोतिहारी जिले में थाना से कुछ ही दूर पर चोरों ने एसबीआई बैंक के एटीएम को अपना निशाना बनाया. चोरों ने एटीएम को गैस कटर और अन्य उपकरणों से काटकर उसमें से नकदी रुपए निकालें और इसके बाद वहां से वे चंपत हो गए.

Motihari / Bihar (Report By- Pratik Singh): शहर में पुलिस गश्ती व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है. बेखौफ चोरों ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में मुख्य सड़क पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को काटकर रुपये की चोरी कर ली. हैरानी की बात यह है कि यह एटीएम थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
घटना देर रात की बताई जा रही है. अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से एटीएम मशीन को गैस कटर या अन्य उपकरण से काटा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए. सुबह जब स्थानीय लोगों ने एटीएम की स्थिति देखी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गश्ती दल में शामिल पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. साथ ही, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है. पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात में पेशेवर गिरोह का हाथ हो सकता है, जो पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तेज रफ्तार वाहन ने तीन लोगों को रौंदा, परिजन और स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम

गिरिडीहः युवक को दो अज्ञात लोगों ने जबरन खिलाया टैबलेट, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका







