Bihar (Motihari): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मशहूर चिकित्सक डॉ. आशुतोष शरण ने अपने अस्पताल शरण नर्सिंग होम, मोतिहारी में लाइव गायने एंडोस्कोपी वर्कशॉप सह रियल हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग का आयोजन किया. यह कार्यक्रम वूमेन्स हॉस्पिटल एंड फर्टिलिटी रिसर्च सेंटर, पटना (नॉर्थ इंडिया का पहला रियल हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग सेंटर) के सहयोग से आयोजित किया गया.

कार्यशाला में देश के प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ और एंडोस्कोपी सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार ने डॉक्टरों को लाइव सर्जरी के माध्यम से आधुनिक दूरबीन (एंडोस्कोपी) सर्जरी की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य चिकित्सकों को अत्याधुनिक सर्जिकल तकनीकों से अवगत कराना है, ताकि महिलाओं को सुरक्षित, कम दर्द और कम रक्तस्राव वाली सर्जरी का लाभ मिल सके.
विशेषज्ञों के अनुसार एंडोस्कोपी या दूरबीन सर्जरी आज स्त्री रोगों के इलाज में एक बड़ी क्रांति साबित हो रही है. इस तकनीक में बड़े चीरे की जरूरत नहीं होती, रक्तस्राव कम होता है और संक्रमण का खतरा भी काफी कम रहता है. इसके साथ ही मरीज कम समय में स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकती हैं.
कार्यक्रम में भाग लेने वाले डॉक्टरों को इन आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा सकें.
इस मौके पर आईएमए बिहार के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने कहा कि इनफर्टिलिटी आज समाज की एक बड़ी समस्या बन चुकी है, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं प्रभावित हैं. एंडोस्कोपी तकनीक के माध्यम से बिना बड़े ऑपरेशन और कम संक्रमण के खतरे के साथ इस समस्या का प्रभावी इलाज संभव है, जिससे महिलाओं में गर्भधारण की संभावना भी बढ़ जाती है.
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छोटे शहरों तक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.








