Ranchi News: राजधानी रांची में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान द्वारा रंगदारी मांगने और धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बता दें, गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक बार फिर रंगदारी और जान से मारने की धमकी मिली है. रांची के Titos रेस्टोरेंट के संचालक के रिश्तेदार मनीष गोप हत्याकांड के बाद अब प्रिंस खान ने रांची के जमीन कारोबार सतीश कुमार महतो से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है. प्रिंस खान ने व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए सतीश को यह धमकी दी है जिसमें रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है. इस पूरे मामले में पुलिस ने खरसीदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच में जुट गई है.
बता दें, नामकुम थाना इलाके के कुटियातु के रहने वाले सतीश कुमार महतो (31 वर्ष) जमीन कारोबारी का काम करते है, गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर धमकी मिलने के बाद उसने थाना पहुंचकर मामले में आवेदन दिया है जिसमें उसने बताया है व्हाट्सएप पर लगातार कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए 1 करोड़ रुपए की मांग की जा रही है. और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है. सतीश ने बताया कि, उसके मोबाइल नंबर पर 8 मार्च 2026 की रात कई बार व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज आए है. सुबह जब उसने इन ऑडियो मैसेज को सुना तो उसमें मैसेज करने वाले वे खुद को प्रिंस खान बताया है. मैसेज में उनके अलावा अनुप कुमार महतो को धमकी देते हुए 1 करोड़ रुपए रंगदारी देने की बात कही गई है.
8 मार्च से मिल रही है लगातार धमकी
सतीश ने थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि 8 मार्च के बाद 9 मार्च को भी उसे कई बार सुबह से शाम तक व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए रंगदारी की मांग दोहराई गई है. 10 मार्च को कॉल के जरिए 1 करोड़ रुपए की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है. सतीश ने बताया कि लगातार मिल रही धमकी से वह और उसका पूरा परिवार डर के साये में हैं पुलिस को उसने व्हाट्सएप पर आए ऑडियो मैसेज और कॉल के स्क्रीनशॉट और पेनड्राइव के माध्यम से अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं.
हाल ही में Titos रेस्टोरेंट में कराई थी गोलीबारी
आपको बता दें इससे पहले 7 मार्च 2026 की रात रांची के एयरपर्ट थाना क्षेत्र में Titos रेस्टोरेंट में घुसकर हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी. जिसमें रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप के रिश्तेदार मनीष गोप को गोली लगी थी. घटना के बाद मनीष को इलाज के लिए तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने Titos रेस्टोरेंट के संचालक से भी रंगदारी की मांग और जान से मारने की धमकी दी थी.
जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर प्रिंस खान ने Titos रेस्टोरेंट के संचालक राजकुमार गोप से भी 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी. और जब रंगदारी नहीं दी गई तो अपने दो शूटर को भेजकर रेस्टोरेंट में गोलीबारी कराई. जहां मौके पर मौजूद राजकुमार के रिश्तेदार मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी. मामले में एयरपोर्ट थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. बताया जा रहा है कि मनीष की हत्या के बाद राजकुमार गोप से फिर से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है और इस बार पैसे नहीं देने पर बम से उड़ाने की धमकी दी है.








