मोतिहारी में बड़े संगठित तस्करी नेटवर्क का NCB ने किया भंडाफोड़, 70 लाख कैश, 400 किलो डोडा बरामद !
मोतिहारी में एनसीबी और स्थानीय पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ छापेमारी करते हुए किराना दुकान और ढाबे की आड़ पर चल रही करोड़ों रुपए के कारोबार का भांडाफोड़ किया है. इस दौरान 2 तस्कर को भी गिरफ्तार किया है.

Motihari / Bihar (Report By- Pratik Singh): मोतिहारी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की खबर है. छापेमारी के दौरान दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. सूत्रों के अनुसार उनके पास से करीब 70 लाख रुपये से अधिक नकद राशि, नोट गिनने की मशीन तथा लगभग 400 किलो डोडा बरामद किया गया है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक एनसीबी या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
जानकारी के अनुसार एनसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के मिसकोट निवासी एक किराना व्यवसायी दुकान की आड़ में डोडा के अवैध कारोबार का संचालन कर रहा है. इसी सूचना के आधार पर एनसीबी और नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कई स्थानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, नकद राशि और अन्य सामग्री बरामद होने की बात सामने आ रही है.
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था. अपना घर और दुकान होने के बावजूद वह मादक पदार्थों को वहां नहीं रखता था, बल्कि भाड़े के मकान में स्टोर करता था. वहीं से सप्लाई नेटवर्क संचालित किया जाता था ताकि पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके. सूत्रों के मुताबिक आरोपी का मुजफ्फरपुर-मोतीपुर रोड पर एक ढाबा भी है, जहां से ट्रक चालकों और अन्य ग्राहकों तक डोडा की सप्लाई की जाती थी.
इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियों ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी है. बताया जा रहा है कि एनसीबी और नगर थाना पुलिस ने पानी टंकी चांदमारी तथा जानपुल इलाके में भी छापेमारी की है. कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा. फिलहाल इस कार्रवाई को मोतिहारी में मादक पदार्थों के खिलाफ हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अवैध संबंध के आरोप में पति ने अपनी मां और बहन के साथ मिलकर पत्नी की पिटाई की, जांच में जुटी पुलिस

पति की मौत के सदमे से पत्नी ने अपने दो बच्चों संग खाया जहर, दोनों ने तोड़ा दम







