Bihar (Nalanda): रविवार का दिन नालंदा में अपराध का दिन साबित हुआ. महज 12 घंटे के अंदर जिले में तीन बड़ी आपराधिक घटनाएं सामने आईं, जिसमें हिलसा थाना क्षेत्र में दो गोलीबारी और हरनौत थाना क्षेत्र में एक हत्या की घटना शामिल है.
हरनौत थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव के पास खंधा में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर कई जख्म के निशान हैं, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है.
चौकीदार ने बताया कि शव आधा जमीन में दफन किया हुआ था और आधा जमीन से बाहर था, जिससे हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताई जा रही है.
घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल अज्ञात युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार









