झारखंड समेत 4 राज्यों तक जुड़े हत्या के तार!, मणिपुरी म्यूजिशियन मर्डर केस में 8 आरोपी पुलिस के शिकंजे में
साउथ दिल्ली में मणिपुरी म्यूजिशियन सी. विक्रम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
Ranchi/New Delhi: साउथ दिल्ली में मणिपुरी म्यूजिशियन सी. विक्रम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से कुल आठ आरोपियों को दबोच लिया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को इस पूरे मामले की जानकारी साझा करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
चार राज्यों के रहने वाले हैं सभी आरोपी
पकड़े गए आरोपियों का कनेक्शन देश के अलग-अलग हिस्सों से है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आठों संदिग्ध झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस की एक टीम लगातार पीड़ित परिवार के साथ संपर्क में बनी हुई है। वहीं दिवंगत कलाकार के पार्थिव शरीर को बुधवार को एयरलिफ्ट कर इंफाल भेजने का पूरा इंतजाम कर लिया गया है।
आठ से नौ दिन के भीतर दाखिल होगी चार्जशीट
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जांच बेहद तेजी से आगे बढ़ रही है और अगले 8 से 9 दिनों के भीतर अदालत में चार्जशीट पेश कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह खुद पूरी जांच प्रक्रिया पर सीधी नजर रखे हुए हैं ताकि केस इतना मजबूत बने कि कोई भी आरोपी कानूनी दांवपेंच का फायदा उठाकर बच न सके।
मौत पर सियासत बंद करे कांग्रेस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से पूर्वोत्तर के बाशिंदों की सुरक्षा को लेकर खड़े किए गए सवालों पर रिजिजू ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि इतनी दुखद घटना पर राजनीति करना बेहद गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी त्रासदियों में BJP को बीच में घसीटने का क्या मतलब है। किसी की जान जाने पर पहली प्राथमिकता सख्त एक्शन लेने की होनी चाहिए, न कि सियासी रोटियां सेकने की।
सिर्फ पूर्वोत्तर नहीं, पूरे मुल्क को होना चाहिए दर्द
केंद्रीय मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि विक्रम सिंह भले ही मणिपुर के रहने वाले थे, लेकिन सबसे पहले वह एक भारतीय नागरिक थे। ऐसे में उनके जाने का गम सिर्फ पूर्वोत्तर के लोगों को ही नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक को होना चाहिए। किसी भी इंसान की जान बेहद कीमती है और सरकार हर नागरिक की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






