Giridih कोयला खदान से सिंडिकेट की चोरी बेनकाब, दिलीप हत्याकांड में CCL मैनेजर रामसागर समेत 8 पर हत्या का केस दर्ज
गिरिडीह CCL की कबरीबाद खदान में दिलीप हत्याकांड के बाद मैनेजर रामसागर समेत 8 पर केस दर्ज. CCL ने मृतक पर भी चोरी की FIR कराई. सिंडिकेट का खेल उजागर.

Giridih, Jharkhand: कोयला काटने घुसे दिलीप दास की हत्या के तीसरे दिन गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया. मृतक दिलीप दास की मां कौशल्या देवी के आवेदन पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस द्वारा 20 अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या सहित बीएनएस की अलग-अलग धाराओं 103 (1), 118 (1), 118 (2), 351 (2), और 305 के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया गया है. हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
बहन से मिलने जा रहे दिलीप को खदान में घेरकर पीटा
वहीं मृतक की मां कौशल्या देवी ने थाना को दिए आवेदन में उपरोक्त नामजद आरोपियों पर आरोप लगते हुए कहा कि उनका बेटा दिलीप दास अपनी बहन से मिलने जा रहा था. इसी दौरान उनके बेटे को कबरीबाद खदान में धमकाया जाने लगा. आरोप सुरक्षा प्रभारी पर भी लगाया जा रहा है. उसने दिलीप को जेल भेजने की धमकी देते हुए कहा कि पहले भी जेल गए थे, फिर जाओगे.
तू-तू-मैं-मैं और झड़प के बाद दिलीप के साथ मारपीट शुरू हो गई. रामसागर नाम के आरोपी पर आरोप है कि उसने धारदार हथियार से मृतक दिलीप पर जोरदार वार किया. जिसके बाद गंभीर रूप से जख्मी हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपित के नामों में कबरीबाद कोयला खदान के मैनेजर सह सुरक्षा प्रभारी रामसागर, सीसीएल कर्मी विकास दास, बिरजू भुइयां, होम गार्ड संतोष, सीसीएल कर्मी शमीम, अख्तर अंसारी, महताब, फागू कोल्ह इत्यादि का नाम शामिल है.
दिलीप दास हत्याकांड मामले में गिरिडीह सीसीएल का सिंडिकेट खेल अब खुलकर सामने आता नजर आ रहा है. हत्याकांड के तीसरे दिन गुरुवार को सीसीएल प्रबंधन द्वारा उठाए जा रहे कदमों को ड्रामा से कम नहीं कहा जा सकता.
हत्या के बाद CCL ने मृतक दिलीप पर ही करा दिया चोरी का केस
CCL के इसी कबरीबाद कोयला खदान में तैनात होम गार्ड जवान भुनेश्वर मंडल के आवदेन पर मुफ्फसिल थाना में मृतक दिलीप दास के साथ गांव खंडिहा के छोटू दास और दीपक दास पर एक बार फिर केस दर्ज कराया गया है. वहीं तीन महीने पहले ही इन तीनों के खिलाफ सुरक्षा पदाधिकारी नकुल नायक ने कोयला चोरी का केस दर्ज कराया था. अब तीन महीने बाद जब दिलीप दास की हत्या हो गई, तो सीसीएल प्रबंधन के संकेत पर मृतक समेत इन्हीं तीनों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है.
इस बार आरोप दूसरा है - जिसमें होम गार्ड जवान का आरोप है कि वो और उनके साथ कई सहकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान तीनों आरोपी खदान के समीप लगे फेंसिंग के तार काट कर अंदर घुसे, और क्रेशर से कोयला चोरी करने का पूरा प्रयास किया.
आरोप लगाते हुए होम गार्ड जवान का दावा है कि तीनों को रोकने पर हंगामा हुआ. लेकिन उसके आवदेन पर इसका कोई जिक्र नहीं किया गया है कि अचानक विवाद इतना क्यों भड़क गया. जिसके बाद मृतक पर चाकू से वार किया जाने लगा.
खदान में उत्पादन ठप्प, 18 लाख का नुकसान
मामला इतना बढ़ा कि सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की जाने लगी. फिलहाल खदान में कोयले का उत्पादन ठप्प पड़ा हुआ है. जिससे जानकारी के अनुसार 18 लाख से अधिक का नुकसान उठाना पड़ रहा है.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में बेमौसम बरसात ने ढाया कहर: आंधी-बारिश से ईस्ट जेल रोड पर गिरा पेड़, कार सवार युवक घायल

रामगढ़ के पूरबडीह गांव में हाथियों ने मचाया आतंक, दीवार तोड़कर घर में घुसे.. अनाज भी कर दिया नष्ट







