Motihari (Bihar): रामनवमी पर्व के मद्देनज़र पूर्वी चंपारण पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बने.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि रामनवमी जुलूस पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में ही निकाला जाएगा. किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. एसपी स्वर्ण प्रभात ने दो टूक कहा है कि जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इसके साथ ही तलवार, भाला या किसी भी प्रकार के धारदार हथियार के प्रदर्शन पर भी रोक लगा दी गई है.
आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पूजा समितियों को दिए गए लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने पर सीधे प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. साथ ही पुलिस अधीक्षक ने कहा किया सुरक्षा के मद्देनज़र जिले भर में लगभग 4000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है.
इसके अलावा 40 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेगी. संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण बल और वज्र टीमों को भी तैनात किया गया है. पुलिस प्रशासन ने तकनीक का भी सहारा लिया है. सभी जुलूसों की निगरानी ड्रोन और वीडियो कैमरों के जरिए की जाएगी, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके.
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है. किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर सीधे जेल भेजा जाएगा. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह









