Bihar (Motihari): मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र में घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई में घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 खोखा, एक बाइक और एक कार भी जब्त की है.
बताया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों द्वारा एक घर को निशाना बनाते हुए डराने और धमकाने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान की गई. इसके बाद एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए महज चार घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
वहीं, मामले का खुलासा करते हुए सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह पूरी घटना एकतरफा प्यार से जुड़ी है. आरोपियों ने लड़की और उसके परिजनों को डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. डीएसपी ने यह भी खुलासा किया कि आरोपियों द्वारा पिछले एक साल से लड़की के साथ छेड़खानी की जा रही थी.
हालांकि इस संबंध में परिजनों द्वारा पहले कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. पुलिस के अनुसार, इस कांड में कुछ अन्य बदमाश भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह








