Motihari: स्कूटी में छिपाकर रखी गई थी शराब की बड़ी खेप, उत्पाद विभाग ने तस्कर को दबोचा
जीवधारा के समीप जांच अभियान में 78 पीस ऑफिसर चॉइस टेट्रा पैक बरामद, पकड़ीदयाल का राजू राम गिरफ्तार

Motihari, Bihar: मोतिहारी में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी में छिपाकर ले जाई जा रही विदेशी शराब की खेप बरामद की है. कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के अनुसार, मध्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के सदर उत्पाद थाना प्रभारी सह निरीक्षक शिवेंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक शराब कारोबारी बड़ी मात्रा में शराब लेकर क्षेत्र से गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम सक्रिय हो गई और सदर उत्पाद थाना क्षेत्र के जीवधारा के समीप विशेष जांच अभियान चलाया गया.
जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान स्कूटी में विशेष रूप से बनाए गए तहखाने का खुलासा हुआ, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी. उत्पाद विभाग की टीम ने स्कूटी से 78 पीस ऑफिसर चॉइस टेट्रा पैक बरामद कर जब्त कर लिया.
मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान पिपराकोठी थाना क्षेत्र निवासी राजू राम के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी.
उत्पाद विभाग का कहना है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए शराब तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ज्ञान बिंदू संचालक के भाई की संदिग्ध मौत से कोहराम, खान सर की कोचिंग में हमले का था आरोपी

मोतिहारी नगर निगम में टेंडर का खेल! पांच गुना कम दर पर आवंटन से राजस्व नुकसान के आरोप







