झारखंड को बर्बाद करने के लिए मोदी सरकार लाई MMDR बिल!, गिरिडीह में भड़के कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया
गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को देश के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
Giridih: गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को देश के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। पार्टी के जिला अध्यक्ष सतीश केडिया की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। हालांकि, इस कार्यक्रम के ठीक बाद कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और तीखा हमला बोला।
'पिछले दरवाजे से पास कराया गया MMDR बिल'
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने केंद्र सरकार पर सीधा वार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों और हक को छीनने के लिए पिछले दरवाजे से एमएमडीआर (MMDR) संशोधन बिल लेकर आई और इसे सदन में पास करा लिया। केडिया ने कहा कि इस बिल को लाने के पीछे सिर्फ और सिर्फ झारखंड को आर्थिक रूप से कमजोर करने और बर्बाद करने की गहरी साजिश है।
'सालाना हजारों करोड़ का चूना, उग्र होगा आंदोलन'
सतीश केडिया ने आंकड़ों का हवाला देते हुए चेताया कि इस नए बिल के लागू होने से झारखंड को हर साल हजारों करोड़ रुपये के राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली दरबार के पास अब भी वक्त है कि वह इस जनविरोधी बिल को फौरन वापस ले। अगर केंद्र सरकार ने अपनी जिद नहीं छोड़ी, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और पूरे राज्य में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन छेड़ेगी।
कांग्रेस कार्यालय में जुटे कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता
इस दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से अशोक विश्वकर्मा, महमूद अली खान लड्डू, महेंद्र सिंह, मोहम्मद निजामुद्दीन, मोतीलाल शास्त्री, रामदेव चौधरी, सुदामा राम, मंजूर अंसारी और दिलावर अंसारी समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी नेताओं ने एक सुर में डॉ. राधाकृष्णन के विचारों पर चलने और राज्य के अधिकारों की लड़ाई को धार देने का संकल्प लिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts







