Sarhasa (Bihar): सहरसा जिले में जमीन को लेकर चल रहे विवाद अब लगातार हिंसक घटनाओं के रुप में बदलता जा रहा हैं. ताजा खबर जिले के डरहार थाना क्षेत्र स्थित बकुनिया पंचायत वार्ड नंबर-12 के पास की है, जहां मामूली सी कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हो गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में दो बीघा जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इस बीच गुरुवार, 26 मार्च 2026 को भैंस धोने की वजह से पानी सड़क पर फैल गया और उससे कीचड़ होने पर सिंघेश्वर यादव जो अपने घर लौट रहे थे वो अचानक उसमें फिसलकर गिर गए. इस दौरान उन्होंने सड़क पर पानी फैलाने को लेकर आपत्ति जताई. जिसके बाद उनकी गांव के ही पंकज यादव, धीरज यादव सहित अन्य लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान सिंघेश्वर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले किरतपुर ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर पटना रेफर किया गया. इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है. मृतक के परिजन पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. जिले में लगातार बढ़ते जमीन विवाद और उससे जुड़ी हिंसक घटनाएं प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं.
रिपोर्ट- इन्द्रदेव









