Bokaro (Jharkhand): झारखंड में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. रांची में कई बड़े कारोबारियों से रंगदारी की मांग और धमकी देने के बाद प्रिंस खान ने बोकार के एक लोहा कटिंग कंपनी BMW के मालिक को अपना निशाना बनाया है. प्रिंस खान ने कंपनी के एक कर्मचारी के व्हॉट्सएप नंबर पर मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी है. और मैनेज करने की बात भी कही है.
बता दें, यह पूरा मामला जिले के बालीडीह थाना इलाके स्थित बियाडा औद्योगिक क्षेत्र का है जहां लोहा कटिंग कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी को धमकी भरा मैसेज भेजा गया है. मैसेज भेजने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताया है और लोहा कटिंग कंपनी बीएमडब्ल्यू के मालिक को जान से मारने की धमकी देते हुए मैनेज करने की बात कही है.
धमकी में लिखा है- हमको मैनेज कीजिए, नहीं तो...
जानकारी के अनुसार, धमकी भरा मैसेज कंपनी के कर्मचारी एस कुमार के मोबाइल नबंर पर आया है जिसमें लिखा है ''हमको मैनेज कीजिए, नहीं तो जान से मार देंगे'', वहीं इस मैसेज के आने के बाद कर्मचारी देर रात बालीडीह ओपी पहुंचा और उसने प्रिंस खान के नाम पर प्राथमिकी दर्ज कराई. इस मामले में केस दर्ज होने के बाद जिला एसपी बहरविंदर सिंह ने जांच के आदेश दिए है.
इधर, मामले की गंभीरता से लेते हुए बोकारो जिला एसपी (पुलिस अधीक्षक) हरविंदर सिंह ने साइबर सेल सहित वरीय अधिकारियों को जांच में लगाया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मैसेज भेजने वाला नंबर किसके नाम से रजिस्टर्ड है, उसका लोकेशन क्या है और फिलहाल वह नंबर कहां एक्टिव है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला रंगदारी से जुड़ा है या फिर किसी शरारती तत्व द्वारा कंपनी को परेशान करने की कोशिश की जा रही है.
रांची के कई कारोबारियों से मांगी 1 करोड़ की रंगदारी
आपको बता दें, बीते कुछ दिन पहले रांची के एयरपोर्ट थाना इलाके में एक रेस्टोरेंट संचालक से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी और रंगदारी नहीं देने पर उसके गुर्गों द्वारा रेस्टोरेंट में जाकर फायरिंग की गई जिससे रेस्टोरेंट संचालक के एक रिश्तेदार की गोली लगने से मौत हुई. इस घटना के बाद प्रिंस खान ने रेस्टोरेंट संचालक को फिर से रंगदारी की मांग करते हुए धमकी दी है. इसके अलावा प्रिंस खान ने रांची के नामकुम के रहने वाले एक जमीन कारोबारी और अब रांची के अल्बर्ट एक्का चौक के पास स्थित जय हिंद फार्मा के संचालक (दवा कारोबारी) जय राजगढ़िया से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है. प्रिंस खान ने इन्हें भी रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार सिंह






