फेसबुक पर प्यार, शादी का वादा और फिर इनकार!, रांची में नर्स ने उठाया खौफनाक कदम, सिपाही पर FIR
राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।

Ranchi: राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरसी मिशन स्कूल के पास रहने वाली और पेशे से नर्स बबली कच्छप ने अपने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। मंगलवार की देर रात हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। मृतका की मां शांति कच्छप ने ओरमांझी निवासी कृष्णा मुंडा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कृष्णा वर्तमान में कांके थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। मां का सीधा आरोप है कि सिपाही ने पहले बेटी को प्रेम जाल में फंसाया और फिर शादी से मुकरकर उसे खुदकुशी के लिए मजबूर कर दिया।
मेदांता अस्पताल में काम करती थी युवती
परिजनों के अनुसार, बबली ने नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद पटना के नामी मेदांता अस्पताल में नर्स की नौकरी शुरू की थी। इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए उसकी जान-पहचान सिपाही कृष्णा मुंडा से हुई। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। जब भी बबली छुट्टियों में रांची आती, कृष्णा उसे मिलने के लिए बुलाता था। दोनों के बीच शादी की बात भी चल रही थी, लेकिन कुछ समय से कृष्णा के तेवर बदलने लगे थे।
शादी से किया इनकार तो डिप्रेशन में आई
मां शांति कच्छप ने बताया कि बबली पिछले कुछ दिनों से बुरी तरह परेशान चल रही थी। जब परिजनों ने कुरेदकर पूछा तो उसने रोते हुए बताया कि कृष्णा अब शादी की बात से साफ मुकर रहा है और दूरी बना रहा है। इसी मानसिक तनाव के चलते बबली ने 31 अगस्त को पटना मेदांता अस्पताल की नौकरी से इस्तीफा दे दिया और वापस रांची लौट आई। घर आने के बाद भी वह लगातार तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थी।
आठ सितंबर की आखिरी मुलाकात और खौफनाक अंत
घटना वाले दिन यानी आठ सितंबर की दोपहर करीब एक बजे बबली ने मां से कहा कि वह कृष्णा से मिलने जा रही है। रात करीब सवा एक बजे जब वह घर लौटी तो बहुत उदास थी। उसने किसी से ज्यादा बात नहीं की और सोने की बात कहकर सीधे अपने कमरे में चली गई। करीब पंद्रह मिनट बाद, रात डेढ़ बजे जब परिजनों ने कमरे में देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बबली पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले वाले दौड़े और तुरंत हिंदपीढ़ी पुलिस को खबर दी गई।
सिपाही के खिलाफ दर्ज हुई FIR
सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतका की मां की लिखित शिकायत पर आरोपी सिपाही कृष्णा मुंडा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






