Bihar Governor Oath Ceremony: पटना स्थित लोक भवन में आज, शनिवार (14 मार्च 2026) को लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन ने बिहार के नए राज्यपाल के रुप में शपथ ग्रहण की. उन्हें पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू ने बिहार के नए राज्यपाल के रुप में संवैधानिक पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान शपथ समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहें.
कौन हैं सैयद अता हसनैन ?
आपको बता दें, सैयद अता हसनैन इंडियन आर्मी के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल हैं और वे अपने लंबे सैन्य अनुभव के लिए जाने जाते हैं. करीब 40 वर्षों तक उन्होंने भारतीय सेना में अपनी सेवा दी है और कई जिम्मेदारियां भी संभाली हैं. उन्होंने अपने करियर के दौरान कई संवेदनशील इलाकों में कार्य किए हैं उनकी भूमिका जम्मू-कश्मीर में काफी अहम मानी जाती है. साल 2012- 2014 में वे श्रीनगर के चिनार कोर (15 कोर) के कमांडर रहे है. इस बीच सैयद अता हसनैन ने आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व भी किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अपना अहम योगदान प्रदान किया है.
कश्मीर में उन्होंने हार्ट्स एंड माइंड्स की नीति पर काफी जोर दिया. जिसका मकसद स्थानीय लोगों का विश्वास जीतना और युवाओं को मेन स्ट्रीम से जोड़े रखना था. इसके तहत उन्होंने युवाओं के लिए शिक्षा, खेल और रोजगार से जुड़े कई कार्यक्रम की शुरुआत भी की थी. सैयद अता हसनैन भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद भी सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहें. उन्हें एनडीएमए यानी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का सदस्य बनाया गया था. साथ ही कश्मीर यूनिवर्सिटी के चांसलर के रूप में भी उन्होंने अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई हैं.






