झारखंड में आज जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री ठप, झारभूमि सिस्टम मेंटेनेंस के कारण सेवाएं बंद
रांची सहित राज्यभर के अंचल और निबंधन कार्यालयों में म्यूटेशन, लगान रसीद और ऑनलाइन बुकिंग पर रोक; विभाग ने अवर निबंधकों को जारी किए निर्देश

Ranchi :- राजधानी रांची समेत पूरे झारखण्ड में आज जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री से जुड़ा कोई भी पंजीकरण कार्य नहीं होगा। राज्य के सभी निबंधन कार्यालयों और अंचल कार्यालयों में रजिस्ट्री, नामांतरण (म्यूटेशन), लगान रसीद निर्गत करने सहित जमीन से संबंधित तमाम सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।
इसका कारण झारभूमि पोर्टल का तकनीकी मेंटेनेंस बताया गया है। सर्वर अपडेट और सिस्टम सुधार के चलते आज ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, दस्तावेज सत्यापन और रजिस्ट्री से जुड़े किसी भी प्रकार के डिजिटल ट्रांजेक्शन की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।
राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में राज्य के सभी अवर निबंधकों को औपचारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि तकनीकी कार्य के दौरान स्वप्रेरित (स्व-मोटो) म्यूटेशन से जुड़े किसी भी लेन-देन या डेटा का नुकसान न हो, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
गौरतलब है कि झारभूमि सिस्टम में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण बीते कुछ दिनों से रजिस्ट्री और म्यूटेशन की प्रक्रिया पहले ही प्रभावित चल रही थी। सर्वर की रफ्तार धीमी होने से एक-एक जमीन के रिकॉर्ड की जांच में दोगुना समय लग रहा था। जहां पहले किसी आवेदन की प्रक्रिया में कुछ ही मिनट लगते थे, वहीं अब 20 से 30 मिनट तक का समय लग रहा था, जिससे दैनिक निष्पादन की संख्या भी घट गई थी।
लोगों को रजिस्ट्री कार्यालयों में लंबा इंतजार करना पड़ रहा था और खाता, प्लॉट तथा रकबा सत्यापन में देरी के कारण कई मामलों में प्रक्रिया अधूरी रह जा रही थी।
फिलहाल आज पूरे दिन जमीन से जुड़े सभी सरकारी कामकाज बंद रहेंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम अपग्रेड के बाद सेवाएं पहले से अधिक तेज और सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में बेमौसम बरसात ने ढाया कहर: आंधी-बारिश से ईस्ट जेल रोड पर गिरा पेड़, कार सवार युवक घायल

रामगढ़ के पूरबडीह गांव में हाथियों ने मचाया आतंक, दीवार तोड़कर घर में घुसे.. अनाज भी कर दिया नष्ट







