मौत बनकर आया किंग कोबरा, लेकिन 5 साल के मासूम के साथ हुआ कुछ ऐसा कि जानकर चौंक जाएंगे
पटना के बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला प्रखंड स्थित बुद्धुआचक गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। पांच वर्षीय बच्चे के गले में करीब एक घंटे तक किंग कोबरा लिपटा रहा। गनीमत रही कि सांप ने बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और खुद ही वहां से निकल गया।


पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला प्रखंड में स्थित बुद्धुआचक गांव में सोमवार सुबह एक अजीबोगरीब घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया। एक पांच साल का मासूम बच्चा उस वक्त बाल-बाल बच गया, जब वह गहरी नींद में सो रहा था और उसके गले में लगभग चार फीट लंबा किंग कोबरा लिपट गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि सांप करीब एक घंटे तक बच्चे के चेहरे के पास फन फैलाए बैठा रहा, लेकिन उसने बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। जैसे ही बच्चे की नींद खुली, सांप धीरे-धीरे उसकी गर्दन से उतरकर कमरे से बाहर चला गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली।
मां की नजर पड़ी तो थम गईं सांसें
जानकारी के मुताबिक, बुद्धुआचक गांव की निवासी राममूर्ति महतो की बेटी शरथा अपने पांच साल के बेटे के साथ हरनौत के बहादुरपुर से अपने मायके आई थीं। सोमवार सुबह जब उनकी आंख खुली, तो उन्होंने जो दृश्य देखा, वह देखकर दंग रह गईं। उनके सामने एक विशाल किंग कोबरा बच्चे की गर्दन के चारों ओर लिपटा हुआ था और उसके चेहरे के पास फन फैलाए बैठा था। घबराई मां ने तुरंत शोर मचाना शुरू किया, जिससे परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लेकिन कमरे के अंदर का मंजर देखकर किसी की भी हिम्मत नहीं हुई कि वह बच्चे के पास जाए। सभी को डर था कि अगर किसी ने जरा सी भी हलचल की, तो सांप हमला कर सकता है। इस स्थिति में पूरे परिवार और गांव के लोग भगवान से बच्चे की सलामती की प्रार्थना करते रहे। करीब एक घंटे तक सभी की नजरें बच्चे और सांप पर टिकी रहीं।
नींद खुली तो सांप ने फैला दिया फन
करीब एक घंटे बाद जब मासूम की नींद खुली, तो उसने देखा कि चारों ओर लोगों की भीड़ जमा है और वह अपनी मां की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही बच्चे ने हलचल की, किंग कोबरा धीरे-धीरे उसकी गर्दन से उतर गया और बिना किसी पर हमला किए कमरे से बाहर निकल गया। इसके बाद मां ने दौड़कर अपने बेटे को सीने से लगा लिया। बच्चे की सुरक्षा के बाद पूरे परिवार और गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने वाले कई लोग इसे बच्चे की किस्मत मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे किसी चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय धैर्य रखना चाहिए और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचित करना चाहिए। उनकी सलाह है कि सांप को पकड़ने या भगाने की कोशिश खुद से नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सर्च-सीजर ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और सीजर मेमो नहीं देने के क्या हैं मायने? जानिए क्यों सुप्रीम कोर्ट ने तीन पुलिसकर्मियों की अग्रिम जमानत की थी खारिज

मोतिहारी में NIA की बड़ी कार्रवाई, मानव तस्करी नेटवर्क के शक में कलामुद्दीन के घर छापेमारी, मोबाइल जब्त कर घंटों पूछताछ







