Jharkhand (Ranchi): राजधानी रांची के सीआरपीएफ सैंबो में रोजगार मेले का आयोजन किया गया. शनिवार को आयोजित इस मेले का आयोजन देश भर के 45 स्थानों पर किया गया. इस दौरान सरकारी नौकरियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया. जिसमें 61 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के बीच केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय और विभागों में नियुक्ति पत्र का वितरण हुआ.

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए रोजगार मेले का यह 18वां चरण है. इस मौके पर देशभर के 45 सेंटर्स में मेले का आयोजन किया गया और रांची में 226 अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण हुआ. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल रांची में आयोजित प्रधानमंत्री रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के तौर पर सीआरपीएफ आईजी साकेत कुमार मौजूद रहे और अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया.

सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह पल उनके साथ-साथ फोर्स के लिए भी गौरवशाली है. क्योंकि हमें अब अपने यंग जनरेशन की ताकत मिल रही है. साकेत कुमार ने बताया कि रांची में कुल 226 अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया है. जिसमें CRPF में 151, सीआईएसएफ के 32, आईटीबीपी के 12, एसएसबी 7, ए आर 19,डीएफएस 1,एफआईआई 3 और गेल में 1, कुल 226 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया.
रिपोर्ट: कमल कुमार









