Jharkhand (Giridih): गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद के लिए झामुमो ने प्रमिला मेहरा को पार्टी समर्थित उम्मीदवार बनाया है. गुरुवार की शाम को झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेसवार्ता के माध्यम से घोषणा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में झामुमो राज्य का प्रबल दल है और विगत 6 वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक मुकाम हासिल किया है. कहा कि नगर निगम चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहा, लेकिन केन्द्रीय नेतृत्व ने गिरिडीह मेयर पद से चुनावी मैदान में खड़ी झामुमो नेत्री प्रमिला मेहरा को समर्थन देने का निर्णय लिया है. 
कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता तन-मन-धन से अपने प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए सहयोग करेंगे. उन्होंने कहा कि हमारे पार्टी के समर्थक व मतदाता शहर में भी है. इसलिए मेयर पद की प्रत्याशी प्रमिला मेहरा के पक्ष में घर-घर जाकर मतदाताओं से वोट की अपील करेंगे.
इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वार्ड स्तर पर भी खड़े झामुमो से जुड़े प्रत्याशियों को भी पार्टी समर्थन देते हुए उनके पक्ष में मतदान की अपील करेंगे. उन्होंने कहा कि बिना समर्थन के मेयर पद पर खड़े पार्टी के कार्यकर्ता को नाम वापस लेने का आग्रह किया जायेगा. उसके बाद भी अगर वे नाम वापस नहीं लेते हैं तो पार्टी की अनुशासन कमिटी अपना काम करेगी.
प्रेसवार्ता में मौजूद मेयर पद पर झामुमो समर्थित प्रत्याशी प्रमिला मेहरा ने कहा कि गिरिडीह की जनता उन्हें आर्शीवाद दें. वें शहर के विकास के लिए हर संभव कार्य करेंगी. कहा कि जनता को उनकी उम्मीदों से निराश नहीं होने देगी. मौके पर झामुमो नेता शहनवाज अंसारी, सुमन सिन्हा, अजीत पप्पु, महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ रॉकी, कृष्ण मुरारी शर्मा, अभय सिंह, दिलीप रजक, चांद रसीद, टुन्ना सिंह, आनंद मिश्रा समेत कई नेता मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू








