हजारीबाग : 6 साल के अंश के साथ क्या हुआ?, मां के आरोप के बाद पिता गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है।


Hazaribagh: हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपने ही 6 वर्षीय मासूम बेटे को पटककर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
मृतक बच्चे की पहचान अंश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद उसकी मां निराली कुमारी ने आरोपी पति के खिलाफ कटकमसांडी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
सास से विवाद के दौरान पहुंचा पति, मां ने लगाया गंभीर आरोप
मां निराली कुमारी द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, घर में उसकी सास के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसका पति आकाश कुमार वहां पहुंचा।
आरोप है कि आकाश कुमार ने कमरे में बेड पर सो रहे बच्चों को उठाया और घर के पीछे कुएं के पास ले गया। वहां बने ढलाई वाले फर्श पर कथित तौर पर बच्चे को पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मां ने अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, फिर खुद लेकर पहुंची
निराली कुमारी का आरोप है कि उसने पति से घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन वह उसे इलाज के लिए नहीं ले गया।
इसके बाद मां खुद आनन-फानन में घायल अंश को लेकर हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।
हालांकि, रांची पहुंचने से पहले ही चिकित्सकों ने अंश को मृत घोषित कर दिया।
मां की शिकायत पर आरोपी पिता गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह होगी और स्पष्ट
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्चे की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

राहत नहीं, अब तेज होगी सुनवाई!, स्वीटी हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

दो बेटियां थीं, जमीन पर थी नजर!, चाचा की हत्या के आरोप में भतीजा और उसकी मां गिरफ्तार







