Jharkhand (Ranchi): झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तारीख 23 फरवरी निर्धारित की गई है. साथ में जैक बोर्ड की परिक्षाएं भी 3 फरवरी से जारी हैं. आगामी चुनाव को देखते हुए परीक्षा की तारीखों में बदलाव किए गए हैं.
चुनाव के कारण 8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षा तिथियां बदली गई हैं. राज्य बोर्ड द्वारा पुनर्निर्धारित तिथियों की जानकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों और परीक्षार्थियों को दे दी गई हैं.
23 फरवरी को आयोजित थी हिन्दी की परीक्षा
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना कराई जाएगी. इसी क्रम में जैक इंटरमीडिएट की परीक्षा की एक विषय हिन्दी की परीक्षा 23 फरवरी को निर्धारित थी, जिसे अब 24 फरवरी को आयोजित किया जाएगा. यह परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2 बजे से 5.15 बजे तक होगी.
वहीं,11वीं कक्षा की परीक्षा अब 25, 26 और 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी. विज्ञान और वाणिज्य संकाय की परीक्षाएं पूर्वाह्न पाली में, जबकि कला संकाय की परीक्षाएं द्वितीय पाली में ली जाएंगी.
8वीं की परीक्षा 2 मार्च को
कक्षा आठवीं की परीक्षा अब 2 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षा नौवीं की परीक्षा 6 और 7 मार्च को निर्धारित की गई है. जैक ने स्पष्ट किया है कि मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी को ही समाप्त हो रही है, इसलिए नगर निकाय चुनाव का मैट्रिक परीक्षार्थियों पर किसी भी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा और मैट्रिक परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
परीक्षार्थियों ने उठाए थे सवाल
मालूम हो कि चुनाव के बीच परीक्षा आयोजन को लेकर परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने पहले कई सवाल उठाए थे. छात्रों का कहना था कि मतदान और मतगणना के दौरान विद्यालय भवनों, शिक्षकों और प्रशासनिक संसाधनों की व्यस्तता से परीक्षा प्रभावित हो सकती है. ऐसे में जैक द्वारा परीक्षा तिथियों में किया गया संशोधन छात्रों के लिए राहत भरा माना जा रहा है.









