भारतीय दूतावास ने जारी की सलाह, गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा
भारतीय दूतावास ने वेबसाइट और सोशल मीडिया अपडेट पर नजर रखने को कहा

ईरान में सुरक्षा स्थिति में कुछ सुधार के बाद भारत के दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए नई यात्रा सलाह जारी की है। दूतावास ने कहा है कि हालात पहले से बेहतर हुए हैं, लेकिन भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचना चाहिए। दूतावास ने यह भी कहा कि वह देश की सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। ईरान में रह रहे भारतीयों और जरूरी कारणों से वहां जाने वाले लोगों को हर समय सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से स्थानीय घटनाक्रम पर भरोसेमंद माध्यमों से नजर रखने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है। इसके साथ ही ईरान में मौजूद सभी भारतीयों और वहां पहुंचने वाले लोगों को जल्द से जल्द तेहरान स्थित भारतीय दूतावास में अपना पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है। दूतावास ने कहा कि किसी भी नई जानकारी या सलाह के लिए उसकी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नियमित रूप से देखते रहें।
यह सलाह ऐसे समय में जारी की गई है जब पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं और हाल के दिनों में कुछ सकारात्मक घटनाक्रम सामने आए हैं। हालांकि भारत ने साफ किया है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं मानी जा सकती। इसी कारण गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह बरकरार रखी गई है। आपात स्थिति में सहायता के लिए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर और ईमेल सेवा भी उपलब्ध कराई है, ताकि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक तुरंत संपर्क कर सकें।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









