रांची में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 2026 का आयोजन, देश भर के 225 से अधिक एथलेटिक्स ले रहे हिस्सा
रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में एकदिवसीय एथलेटिक्स टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें देश भर के 8 राज्यों से खिलाड़ी भाग लेने रांची पहुंचे हुए हैं.

Jharkhand (Ranchi): झारखंड सरकार की ओर से राजधानी रांची में एथलेटिक्स का बड़ा आयोजन किया गया है. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया सीरीज-4 के तहत आयोजित इस एक दिवसीय टूर्नामेंट में झारखंड समेत देशभर के 8 राज्यों से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता में सीनियर पुरुष और महिला वर्ग के करीब 15 अलग-अलग इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि उक्त टूर्नामेंट में देश भर के 225 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं.
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें राष्ट्रीय स्तर के कई दिग्गज खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा हो गया है. खिलाड़ियों में उत्साह साफ देखा जा रहा है. बताते चलें कि उक्त आयोजन 12 अप्रैल को रांची के मोरहाबादी मैदान पर स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया जा रहा है.
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी वित्या राम राज ने बताया कि उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 57.01 का स्कोर हासिल किया. उन्होंने कहा कि ग्राउंड की व्यवस्था काफी अच्छी थी, जिससे प्रदर्शन में मदद मिली.
आयोजन से झारखंड में खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलने की उम्मीद है.
झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव कुमार पांडेय ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों के प्रदर्शनों को और बेहतर करना है. जिससे बड़े मंचों जैसे कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप इत्यादि में देश के एथलीट्स उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें.
रिपोर्ट: महक मिश्रा
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









