Bihar (East Champaran): मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय अंशिका कुमारी हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी शिल्पी कुमारी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने प्रेम संबंध के रास्ते में आने वाले लोगों को हटाने के लिए सिलसिलेवार अपराधों को अंजाम दिया.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि शिल्पी कुमारी अपने प्रेमी को पाने की सनक में इस कदर डूब चुकी थी कि उसने करीब 18 आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया. वह हर बार घटनाओं को हादसे का रूप देकर बच निकलती रही.
इस बार आरोपी ने एक सुनियोजित साजिश के तहत पहले एक लड़की का फर्जी ऑडियो तैयार कर माहौल बनाया, ताकि एक महिला को बदनाम किया जा सके. इसके बाद उसी साजिश को आगे बढ़ाते हुए 5 साल की मासूम अंशिका कुमारी की हत्या कर दी, ताकि हत्या का आरोप उसी महिला पर डाला जा सके.
हालांकि, पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया. जांच के दौरान आरोपी के पास से 2 चाकू, 2 मोबाइल सिम और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं. बताया जा रहा है कि हत्या में इस्तेमाल चाकू ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मंगवाया गया था.
पुलिस के अनुसार, आरोपी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसका ग्रामीणों द्वारा विरोध किया जाता था. कई बार उसे फटकार और मारपीट का सामना भी करना पड़ा, जिसके बाद उसके मन में बदले और जुनून की भावना ने जन्म लिया और वह अपराध की राह पर चल पड़ी.
सिकरहना एसडीपीओ उदय शंकर कुमार ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया गया है. आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह









