Rohtas (Bihar): रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की शादी अपने दोस्त से मंदिर में करवा दी. यह पूरी घटना गांव की पंचायत और परिजनों की मौजूदगी में हुई, जहां किसी ने भी इस फैसले का विरोध नहीं किया.
दिल्ली में साथ काम करते थे पति और दोस्त
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार अपनी पत्नी मंजू के साथ दिल्ली में मजदूरी करता था. उसी दौरान उसका दोस्त लव कुमार, जो नटवार का रहने वाला है, वह भी दिल्ली में ही रहकर मजदूरी करता था. एक-दूसरे के घर आने-जाने के कारण धीरे-धीरे लव कुमार और मंजू के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. जब धर्मेंद्र को इस बात की भनक लगी तो उसने पत्नी को दोस्त से दूर रहने के लिए कहा. बावजूद इसके दोनों के बीच संपर्क जारी रहा, जिससे पति-पत्नी के रिश्ते में तनाव बढ़ता गया.
दंपत्ति का है 4 साल का बच्चा
दंपति का एक चार साल का बच्चा भी है. बढ़ते विवाद के बीच होली के समय धर्मेंद्र ने अपनी पत्नी को उसके मायके भेज दिया और खुद दिल्ली काम करने चला गया. इसी दौरान जानकारी मिली कि लव कुमार चोरी-छिपे मंजू से मिलने उसके मायके पहुंच गया. यह बात जब मंजू के परिजनों को पता चली तो उन्होंने लव कुमार की पिटाई कर दी.
पंचायत में हुआ फैसला
मामला गांव की पंचायत तक पहुंचा. पंचायत में सरपंच ने लव कुमार और मंजू के परिजनों से बातचीत की. चर्चा के बाद पंचायत ने फैसला लिया कि दोनों की शादी करा दी जाए. इसके बाद गांव के लोग इकट्ठा हुए और दिनारा के एक हनुमान मंदिर में मंजू और लव कुमार की शादी करा दी गई. इस दौरान धर्मेंद्र भी वहां मौजूद रहा और उसने खुद अपने दोस्त से पत्नी की मांग भरवा दी.
दोस्त ने की गद्दारी- पति
धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि उसके दोस्त ने उसके साथ गद्दारी की है. जब उसे दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो उसने पुलिस से भी मौखिक शिकायत की थी. इसके बाद नटवार थाना का एक चौकीदार लव कुमार के घर जाकर उसे हिदायत देकर आया था.
प्रेमी ने दी सफाई
वहीं लव कुमार का कहना है कि पहले उनके बीच सिर्फ दोस्ती थी और बातचीत होती थी. लेकिन जब धर्मेंद्र ने पुलिस में शिकायत कर दी और गांव में बात फैल गई, तो उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा. उसने कहा कि जब गांव के लोगों को सब पता चल ही गया, तो उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया. वहीं, इस अजीबोगरीब फैसले के बाद पति-पत्नी की राहें अलग हो गईं और यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
रिपोर्ट- विकाश चंदन









