ससुर और बहू के बीच अवैध संबंध.. रोड़ा बनी 55 वर्षीय पत्नी को गला रेतकर मार डाला
गिरिडीह के सिमराडीह गांव में कथित अवैध संबंधों का विरोध करने पर एक ससुर ने अपनी बहू के साथ मिलकर 55 वर्षीय पत्नी कलसी देवी की गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और बहू को हिरासत में ले लिया है.

Giridih, Jharkhand: जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भ्रकट्टा ओपी के सिमराडीह गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित अवैध संबंधों के विरोध में एक पति ने अपनी बहू के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की मार्बल कटर से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. मृतका की पहचान 55 वर्षीय कलसी देवी के रूप में हुई है. आरोप है कि कलसी देवी की गला रेतकर की गई इस हत्या में उनके पति दौलत साहू और उनकी छोटी बहू प्रीति देवी ने मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
अवैध संबंधों के विरोध में रची गई हत्या की साजिश
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सिमरडीह गांव निवासी आरोपी दौलत साहू का अपनी छोटी बहू प्रीति देवी के साथ पिछले कुछ समय से कथित तौर पर अवैध संबंध चल रहा था. इस अनैतिक रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद मृतका कलसी देवी इसका लगातार विरोध कर रही थीं. कलसी देवी ने इस संबंध को लेकर कई बार ग्रामीणों से शिकायत भी की थी, जिसके बाद सामाजिक स्तर पर करीब 20 दिन पहले गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी. जिसके बाद कुछ दिनों तक मामला शांत रहा. फिर शुक्रवार को इस खौफनाक हत्याकांड को ससुर और बहु ने मिलकर अंजाम दे दिया.
आरोपी ससुर ने पुलिस को गुमराह करने के लिए रचा नाटक
घटना को छुपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए मुख्य आरोपी दौलत साहू ने रविवार की सुबह एक सोची-समझी कहानी रची. वह सुबह भ्रकट्टा बाजार गया था और वहां से वापस लौटने के बाद उसने गांव में शोर मचाना शुरू कर दिया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी छोटी बहू प्रीति देवी की हत्या कर दी है. इस बात को सुनकर जब ग्रामीणों की भारी भीड़ उसके घर पहुंची, तो पूरा मामला उलट नजर आया. ग्रामीणों ने देखा कि घर के आंगन में कलसी देवी का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था, जबकि बहू प्रीति देवी पूरी तरह सुरक्षित थी.
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, पुलिस ने दोनों को लिया कस्टडी में
घटना की सच्चाई सामने आते ही ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा. सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य सूरज सुमन, मुखिया केके वर्मा सहित कई अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. घटना की सूचना मिलते ही भ्रकट्टा ओपी पुलिस दलबल के साथ सिमराडीह गांव पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दौलत साहू और बहू प्रीति देवी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस दोनों से कड़ाई से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड की पारंपरिक कला को मिली विशिष्ट पहचान, 11 उत्पादों को मिला GI टैग, निर्यात में होगी बढ़ोतरी

चोरों की चालाकी पर भारी पड़ी पुलिस की चौकसी, एक महीने बाद सलाखों के पीछे पहुंचे मोटर चोर







