चतरा सदर अस्पताल में ICU वार्ड की शुरुआत, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
सदर अस्पताल में आईसीयू का संचालन राज्य सरकार द्वारा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर शुरू किया गया है. इसके लिए सरकार ने रांची स्थित सोमेश्वर नाथ महादेव ट्रस्ट के साथ एमओयू किया है.

Chatra, Jharkhand: जिले के स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई. सदर अस्पताल चतरा में अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) वार्ड की शुरुआत की गई. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अमरेंद्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा तथा अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर आईसीयू सेंटर का शुभारंभ किया. आईसीयू वार्ड का उद्घाटन करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि आईसीयू सेंटर के उद्घाटन के साथ ही अब जिले के गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज की सुविधा सदर अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेगी. अब तक गंभीर मरीजों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हजारीबाग, रिम्स रांची अथवा अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. आईसीयू सेवा शुरू होने से ऐसे मरीजों को जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा मिल सकेगी. सिविल सर्जन डॉ सत्येंद्र सिन्हा ने कहा कि उपायुक्त रवि आंनद के निर्देश पर गंभीर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल में आईसीयू वार्ड की शुरुआत की गई है. आईसीयू शुरू होने के बाद मरीजों को इसका लाभ मिलेगा.
PPP मोड पर होगा संचालन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों का करेंगे इलाज
सदर अस्पताल में आईसीयू का संचालन राज्य सरकार द्वारा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर शुरू किया गया है. इसके लिए सरकार ने रांची स्थित सोमेश्वर नाथ महादेव ट्रस्ट के साथ एमओयू किया है. ट्रस्ट द्वारा आईसीयू के संचालन, चिकित्सकीय व्यवस्था और प्रशिक्षित मानव संसाधन की जिम्मेदारी निभाई जाएगी. आईसीयू का संचालन कर रहे ट्रस्ट के निदेशक अमित चौबे ने बताया कि आईसीयू सेंटर में आयुष्मान भारत योजना के लाभुकों को गंभीर से गंभीर बीमारियों का इलाज निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित इस केंद्र में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि आईसीयू सेंटर के सफल संचालन के लिए लगभग एक दर्जन चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनात की गई है, जो चौबीसों घंटे मरीजों की निगरानी और उपचार सुनिश्चित करेगी.
स्वास्थ्य सुविधाओं में होगा विस्तार
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. चतरा में आईसीयू सेवा की शुरुआत जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. इससे न केवल मरीजों को त्वरित उपचार मिलेगा बल्कि रेफरल की संख्या में भी कमी आएगी. आईसीयू सेंटर शुरू होने की खबर से जिले के लोगों में खुशी देखी जा रही है. आम लोगों का कहना है कि अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं ले जाना पड़ेगा, जिससे समय, धन और परेशानियों की बचत होगी. लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास का स्वागत करते हुए इसे चतरा के लिए ऐतिहासिक पहल बताया. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि आईसीयू सुविधा शुरू होने से दुर्घटना, हार्ट अटैक जैसा बीमारियों से भी निजात मिलेगी.
(चतरा से मो. रिजवान की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

धनबाद के संस्कार ज्ञानपीठ हरिना में विश्व पर्यावरण दिवस पर भव्य आयोजन

मेदिनीनगर में डीजीपी की बड़ी समीक्षा बैठक, अपराधियों और नक्सलियों को दी सख्त चेतावनी







