Godda (Jharkhand): जिले में एक दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आई है. यह पूरी घटना देवदांड थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती डांगा गांव की है जहां हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन लोगों (पति, पत्नी और उनके मासूम बच्चे) की बेरहमी से हत्या कर दी है. वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत माहौल है.
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर तीनों की मौके पर ही हत्या कर दी. घटना इतनी भयावह थी कि गांव के लोग सहम गए. लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर देवदांड थाना, पोड़ैयाहाट थाना पहंची. इधर, इस घटना के संबंध में गोड्डा के डीएसपी अशोक पारदर्शी ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है.
हत्या को अंधविश्वास से जोड़ कर देख रहे लोग
प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. हालांकि, गांव के कुछ लोग इसे अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि, पुलिस दोनों एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. डीएसपी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
पति-पत्नी और बेटे की बेहरमी से की गई हत्या
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घटना की सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित की गई है, जो मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. मृतकों की पहचान दरबारी मुर्मू (50 वर्ष), उनकी पत्नी मक्कू बास्की (45 वर्ष) और उनके बेटे जीतनारायण मुर्मू (12 वर्ष) के रूप में हुई है. परिवार में उनकी एक विवाहित बेटी सुनीता मुर्मू भी हैं. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है.
रिपोर्ट- प्रिंस यादव गोड्डा






