हजारीबाग बैंक लूटकांड का खुलासा, 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार, 20 लाख नकदी और 912 ग्राम सोना बरामद
हजारीबाग जिले में पुलिस ने बैंक लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को दबोचा है उनके पास से पुलिस ने लूट के 20 लाख रुपए नकदी और 912.22 ग्राम सोना बरामद किया है.

Hazaribagh / Jharkhand (Report By-Ashish Sinha): हजारीबाग जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्रा शाखा में लूट की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है. बता दें, पुलिस ने जिले के बरही थाना इलाके में बीते 24 अप्रैल को हुई लूट मामले में कार्रवाई करते हुए 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूट के 20 लाख रुपए नकदी और 912.22 ग्राम सोना बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, घटना के दिन दोपहर करीब सवा 3 बजे हथियार से लैस 4 अपराधियों ने बैंक में एंट्री मारी और इसके बाद बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया. जिसके बाद बैंक से 4.22 लाख रुपये नकदी और लगभग 3.987 किलोग्राम सोना लूट लिया. इतना ही नहीं इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने सभी कर्मियों को स्ट्रॉन्ग रूम में बंद कर लिया और बाहर से ताला लटकाकर वे वहां से भाग निकले.
इधर, इस मामले की सूचना मिलते ही हजारीबाग एसपी के निर्देश पर SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया. जिसके बाद टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की पहचान की और उनके भागने के रास्तों पर लगातार छापेमारी की गई. जांच के दौरान पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियों से रेकी किए जाने का खुलासा किया. और इसी आधार पर पुलिस की जांच टीम छापेमारी करते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणासी पहुंची और यहां STF के सहयोग से तीन अपराधियों को सारनाथ थाना इलाके में घेराबंदी कर दबोच लिया गया. 
अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से लूटे गए आभूषणों के साथ गलाया गया सोना और भारी मात्रा में नकदी बरामद किया. पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल गया रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद की गई है. पुलिस अब इस कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









