थाने में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद गिरिडीह नगर थाना प्रभारी लाइन क्लोज
गिरिडीह नगर थाने के चैंबर में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
Giridih: गिरिडीह नगर थाने के चैंबर में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को तूल पकड़ता देख गिरिडीह के SP डॉ. विमल कुमार ने देर रात कड़ा एक्शन लेते हुए नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रतन सिंह को लाइन क्लोज कर दिया है। SP ने साफ किया है कि मामले की जांच चल रही है और बहुत जल्द नगर थाने में नए थानेदार की तैनाती की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था सनसनीखेज वीडियो
दरअसल पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से शेयर किया जा रहा था। इस फुटेज में तत्कालीन थाना प्रभारी रतन सिंह अपने चैंबर के भीतर हरे रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक को बुरी तरह पीटते हुए नजर आ रहे थे। आरोप लगा कि पुलिस ने लखन साहू नाम के युवक और उसके भाई को थाने में बंद कर जमकर लाठियां बरसाईं, जिससे इलाके में लोगों का गुस्सा भड़क गया।
ICU में भर्ती युवक और टी-शर्ट का उलझा पेंच
इस हंगामे के बीच एक घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल के ICU वार्ड में भर्ती कराया गया, लेकिन यहाँ मामले में एक नया मोड़ सामने आ गया। ICU में भर्ती युवक ने जिस रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, वो वायरल वीडियो वाले लड़के की टी-शर्ट से बिल्कुल अलग थी। इसी पेंच को सुलझाने के लिए SP ने आनन-फानन में ASP अभियान सुरजीत कुमार को पूरे मामले की जांच सौंप दी।
ASP ने दर्ज किए बयान, देर रात नप गए थानेदार
जांच का जिम्मा मिलते ही ASP सुरजीत कुमार मंगलवार को सीधे अस्पताल पहुंचे और ICU में भर्ती पीड़ित युवक का बयान दर्ज किया। हालांकि पुलिस के सामने अब भी यह पहेली बनी हुई है कि अस्पताल में भर्ती लड़का ही लखन साहू है या कोई और। एक तरफ जांच अधिकारी इस उलझन की तह तक जाने में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर SP डॉ. विमल कुमार ने विभाग की साख पर आंच आते देख मंगलवार की देर रात रतन सिंह को पद से हटाते हुए पुलिस लाइन भेज दिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






