Jharkhand (Giridih): गोलीकांड मामले में गिरिडीह के पचम्बा थाना पुलिस ने शिवम श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद समेत पांच आरोपियों को दबोचा है. बुधवार को डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉक्टर विमल कुमार के साथ एसडीपीओ जीतवहन और थाना प्रभारी राजीव कुमार ने पूरे मामले को लेकर बताया कि गोलीकांड को लेकर जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
बताया गया कि शिवम के साथ नगर थाना इलाके के ऑफ़िसर कॉलोनी के अमित विश्वकर्मा, झिंझरी मुहल्ला आकाश हांडी और पचम्बा थाना इलाके के भंडारीडीह निवासी मंजीत पासवान और किशोर पासवान शामिल हैं. जमीन माफिया विशाल मंडल की निशानदेही पर बंगाल से गिरफ्तार शिवम और उसके गुर्गों को लेकर एसपी ने कई जानकारी साझा की.
शिवम ने चलाई थी गोली, पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद
जबकि शिवम की निशानदेही पर एक पिस्तौल के साथ दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इसमें एक गोली पिस्टल के साथ तो दूसरा जिंदा कारतूस को आजाद नगर के हरिजन टोला से बरामद किया गया. लेकिन ज्वाइंट प्रेसवार्ता के दौरान डीसी और एसपी ने कहा कि गोली शिवम और उसके सहयोगियों द्वारा चलाए जाने की बात सामने आई, क्योंकि गोली चलने के बाद ही समीम और सबीर अंसारी के मुहल्ले के लोगों की भीड़ से आवाज आई कि शिवम ने गोली चलाई है.
डीसी और एसपी डॉक्टर विमल कुमार की जॉइंट प्रेसवार्ता के दौरान यह भी बताया गया कि गोलीकांड की घटना के बाद जख्मी समीम की पत्नी रवीना खातून ने भी पचम्बा थाना में आवेदन देकर शिवम और उसके सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है. आश्वासन देते हुए कहा कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा. फिलहाल घटना के बाद पुलिस भी जख्मी समीम रायन और सबीर अंसारी के परिजनों के आरोपों के आधार पर ही शिवम और उसके चारों आरोपियों को जेल भेजने की प्रकिया में जुटी हुई है.
पचम्बा थाना में सेक्टर मजिस्ट्रेट सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी महेश के आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया गया है. लेकिन पचम्बा थाना पुलिस ने परिजनों के आरोपों को बड़ा आधार मानते हुए शिवम और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है.
डीएसपी का राजू खान कड़ा अल्टीमेटम वाला ऑडियो वायरल
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शिवम के साथी राजू खान पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है. गोलीकांड मामले में पुलिस ने सिर्फ केस दर्ज किया है. महेश भगत ने पुलिस को दिए फर्द बयान में आरोप लगाते हुए कहा कि भीड़ बुलाकर शिवम ने वार्ड 18 के भंडारीडीह के आजाद नगर में पत्थरबाजी की, और गोली भी चलायी.
इधर सोशल मीडिया में ही देर शाम शिवम का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें शिवम ने गोलीकांड मामले में जहां खुद को निर्दोष बताते हुए बस मालिक राजू खान समेत उसके गुर्गों पर गंभीर आरोप लगाया है. कहा कि राजू खान ने साजिशन माहौल खराब करने के मकसद से वार्ड 18 के बूथ 4 में पथराव किया गया.
वहीं सोशल मीडिया में राजू खान को डीएसपी नीरज सिंह को फटकार लगाते हुए एक ऑडियो भी वायरल हुआ. जिसमें डीएसपी नीरज सिंह राजू खान को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए हिदायत देते हुए कह रहे हैं कि अगर उनके द्वारा शहर में कोई हंगामा हुआ, और घटना के बाद शहर में आग लगाने जैसी कोई वारदात होती है, तो निश्चित तौर पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू








