Jharkhand (Giridih): गिरिडीह में प्राइवेट स्कूल की मनमानी फिर शुरू हो गई. गुरुवार को पचम्बा के संत जोसेफ स्कूल में अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने भी स्कूल पहुंच कर अभिभावकों से बातचीत की. उनसे मामले को जानने का प्रयास किया.
अभिभावकों की कई मुद्दों पर संत जोसेफ स्कूल के प्रिंसिपल से नाराजगी थी. हंगामा के दौरान कुछ महिला अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि उनके मोबाइल नंबर पर आपत्तिजनक चीजें भेजी जाती थी. हालांकि महिलाओं द्वारा इस मुद्दे पर खुलकर जानकारी नहीं दी गई.
एक आरोप स्कूल प्रबंधन पर फीस बढ़ाने को लेकर भी लगाया जा रहा है. अभिभावक यह आरोप लगा रहे हैं कि स्कूल प्रबंधन बिना कोई अग्रिम जानकारी दिए ही फीस में बढ़ोत्तरी कर देते हैं. प्रत्येक माह लाइब्रेरी के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है, जबकि विद्यालय में लाइब्रेरी की खास व्यवस्था भी नहीं है.
लोग प्राधानाचार्य की अनदेखी पर भी सवाल खड़े करते दिखे. उनका कहना है कि गंभीर मुद्दों पर प्रिंसिपल न कुछ बोलते हैं, न कॉल ही रिसीव करते हैं. अभिभावकों की मांग है कि उनके बच्चों की टीसी उन्हें दे दी जाए, ताकि वे अपने बच्चों का दाखिला किसी और स्कूल में करा सकें.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू









