साहिबगंज में बाढ़ का कहर!, कमर तक पानी में डूबे सैकड़ों घर, NDRF ने संभाला मोर्चा
साहिबगंज जिले में गंगा नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ने के बाद हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं।
Sahibganj: साहिबगंज जिले में गंगा नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ने के बाद हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। उफनती गंगा के पानी ने दियारा के इलाकों के साथ-साथ अब नगर परिषद क्षेत्र के रिहायशी मोहल्लों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। सैकड़ों घरों में कमर तक पानी भर जाने के कारण हाहाकार मचा हुआ है। बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और NDRF की टीमें दिन-रात रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
शहरी मोहल्लों में घुसा पानी, पलायन को मजबूर परिवार
गंगा का पानी शहर के कई प्रमुख इलाकों में घुस चुका है। हबीबपुर, हरि नगर, अली नगर, बायसी स्थान, बिजली घाट नया टोला, भरतिया कॉलोनी, पुरुषोत्तम गली, दहला दुर्गा स्थान रोड, गुल्लीभट्ठा और रसूलपुर दहला जैसे घनी आबादी वाले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। घरों के अंदर पानी घुसने की वजह से लोग अपनी गृहस्थी समेटकर सुरक्षित ऊंचे स्थानों या अपने रिश्तेदारों के घरों में शरण लेने को मजबूर हैं।
रांची से पहुंची NDRF की टीम, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बाढ़ में फंसे नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रांची से NDRF की 30 सदस्यीय टीम साहिबगंज पहुंच चुकी है। कमांडेंट हरेंद्र पाल सिंह कंडारी के नेतृत्व में जवान लगातार बोट के जरिए दियारा और प्रभावित बस्तियों का दौरा कर रहे हैं। पानी में घिरे लोगों को निकाल-निकाल कर सुरक्षित राहत शिविरों और सूखे इलाकों में पहुंचाया जा रहा है। DC समेत जिले के आला अधिकारी खुद पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इंसान के साथ बेजुबानों पर भी आफत, बंट रहा चारा
इस तबाही में आम लोगों के साथ-साथ मवेशियों की जान पर भी बन आई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के बीच तैयार खाना, सूखा राशन और जरूरी राहत सामग्री बांटी जा रही है। वहीं पानी में फंसे पशुओं को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाकर पशुपालकों के बीच चारे का वितरण किया जा रहा है, ताकि मवेशियों को भुखमरी से बचाया जा सके।
हादसे टालने के लिए दिन में बिजली बंद
बाढ़ के पानी के बीच करंट फैलने का खतरा सबसे बड़ा बना हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने प्रभावित इलाकों में एहतियातन कदम उठाए हैं। बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर नील गगन ने बताया कि सदर प्रखंड के बलुआ दियारा, लाल बथानी और किशन प्रसाद समेत कई बाढ़ प्रभावित दियारा इलाकों में दिन के समय बिजली सप्लाई बंद रखी जा रही है, जबकि रात में सीमित आपूर्ति दी जाती है। शहरी प्रभावित इलाकों में फिलहाल बिजली चालू रखी गई है और स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






