संपत्ति विवाद में बाप ने बेटे पर किया चाकू से हमला, लव मैरेज से परिवार में होता रहता है कलह
बिहार के सहरसा का यह मामला संपत्ति विवाद और लव मैरेज का मिला जुला असर है. पिता बिहार पुलिस में दरोगा के पद पर है तो वहीं बेटा बिहार पुलिस का ही जवान है. बेटे ने अपनी पसंद से शादी कर ली थी, जिसके बाद से पिता नाराज रहते हैं और विवाद होता रहता है.

Saharsa, Bihar: सदर थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड संख्या-10 स्थित बेगहा मोहल्ले में पैतृक संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक सेवानिवृत्त दरोगा द्वारा अपने ही बेटे, जो बिहार पुलिस का जवान है, पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है. घायल जवान ने सदर अस्पताल में उपचार कराने के बाद सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
घायल की पहचान बेगहा निवासी प्रभु नारायण साह के 33 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बिहार पुलिस में जवान के पद पर कार्यरत हैं और दरभंगा जिले में पदस्थापित हैं.
मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पिता प्रभु नारायण साह तीन वर्ष पूर्व बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं. उनका आरोप है कि प्रेम विवाह करने के कारण पिता उनसे नाराज रहते हैं और पिछले तीन वर्षों से उन्हें पैतृक संपत्ति से बेदखल कर रखा है. साथ ही इसे लेकर परिवार में लगातार विवाद होता रहता है.
मुकेश के अनुसार, वह तीन दिन पूर्व छुट्टी लेकर अपनी पत्नी के साथ घर आए थे. शनिवार की शाम करीब चार बजे उनके चचेरे भाई सुभाष कुमार बांसबाड़ी में बांस कटवा रहे थे. इसी दौरान उनके पिता वहां पहुंचे और बांस कटवाने को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि इसके बाद पिता घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान पिता ने चाकू से हमला किया, जबकि उनके भाई ने लाठी से पिटाई की.
हमले में मुकेश के बाएं हाथ की बांह पर चाकू के कई वार किए गए तथा आंख के पास भी चोटें आईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने शनिवार रात करीब 10 बजे सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.
घायल जवान ने घटना का एक वीडियो भी उपलब्ध कराया है, जिसमें उनके पिता के हाथ में चाकू और भाई के हाथ में लाठी दिखाई दे रही है तथा मारपीट की घटना कैद होने का दावा किया गया है.
इस संबंध में सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन में मोतिहारी पुलिस, यूपी से बड़े शराब माफिया को दबोचा

मोतिहारी में भीषण गर्मी में गहराया बिजली संकट, 6 दिनों से है बिजली गुल, लोगों का फूटा गुस्सा







