बॉर्डर पर फर्जी पहचान का खेल! आदापुर में SSB का बड़ा एक्शन
पूर्वी चंपारण के आदापुर में SSB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान कथित फर्जी आधार कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने के बाद


इंडो -बॉडर से सटे पूर्वी चंपारण में फर्जी पहचान पत्र तैयार किए जाने के कथित मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। आदापुर के बिशनपुरवा गांव में खुफिया इनपुट के बाद SSB की 71वीं वाहिनी की ‘सी’ कंपनी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक दुकान पर छापेमारी कर दुकानदार राम विनय कुमार चौरसिया को गिरफ्तार किया है।
तलाशी के दौरान टीम को कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड, लैपटॉप, रेडमी मोबाइल फोन और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं। बरामद सामान को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि फर्जी पहचान पत्र तैयार करने का मकसद क्या था और इनका इस्तेमाल किन लोगों के लिए किया जाना था।
बॉर्डर की संवेदनशीलता ने बढ़ाई चिंता
भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण इस इलाके में फर्जी पहचान पत्रों का मामला सामान्य दस्तावेजी धोखाधड़ी से कहीं अधिक गंभीर सुरक्षा एंगल पैदा करता है। पूर्वी चंपारण के सीमावर्ती इलाकों में पहले भी संदिग्ध आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में भी हर संभावित कड़ी को खंगाल रही हैं।
हालांकि, फर्जी आधार कार्ड बरामद होने मात्र से इसे आतंकी या देश विरोधी गतिविधियों से जोड़ना अभी जल्दबाजी होगी। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या कथित फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल सीमा पार आवाजाही, पहचान छिपाने, अवैध गतिविधियों या किसी संगठित नेटवर्क के लिए किया जाना था।
दुकान से आगे तो नहीं फैला नेटवर्क?
लैपटॉप और मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बरामदगी के बाद जांच का फोकस अब डिजिटल कनेक्शन पर भी है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर सकती हैं कि कथित तौर पर दस्तावेज किसके लिए तैयार किए गए, किन लोगों से संपर्क था और क्या इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
बॉर्डर इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या यह महज फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है? जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









