जमशेदपुर में वोटर लिस्ट में विदेशी नागरिकों की एंट्री!, 3 अफगानी नागरिकों के नाम हटे, जांच शुरू
झारखंड में चल रहे वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है।
Jamshedpur: झारखंड में चल रहे वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। जमशेदपुर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में तीन अफगानी नागरिकों के नाम बाकायदा दर्ज मिले हैं। मामले की भनक लगते ही चुनाव आयोग ने फौरन एक्शन लेते हुए तीनों के नाम लिस्ट से काट दिए हैं और इस पूरे खेल की आपराधिक जांच कराने के आदेश दे दिए हैं।
पोलिंग बूथ 286 पर ऐसे चढ़ा विदेशी नागरिकों का नाम
यह पूरा मामला जमशेदपुर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन नंबर 286 का है। यहाँ जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के सीरियल नंबर 30, 31 और 33 पर आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम शामिल थे। इन तीनों ने बकायदा फॉर्म भरकर पूरी प्रक्रिया पूरी की थी, जिसके बाद बिना किसी रोक-टोक के इनके नाम आधिकारिक ड्राफ्ट सूची में छप भी गए।
कागजों की जांच में खुली पोल, सामने आया अफगानी पासपोर्ट
वोटर लिस्ट की छंटनी और स्क्रूटनी के दौरान अधिकारियों को इन नामों पर शक हुआ। इसके बाद प्रशासन ने तीनों को नोटिस जारी कर अपनी भारतीय नागरिकता और पते से जुड़े पक्के दस्तावेज पेश करने को कहा। जब वे जरूरी भारतीय पहचान पत्र पेश नहीं कर पाए, तो अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट खंगाल डाले। पासपोर्ट की गहन जांच में साफ हो गया कि तीनों भारतीय नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के नागरिक हैं।
नाम काटने के बाद अब कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी
विदेशी नागरिकों के भारत की मतदाता सूची तक पहुंचने के इस गंभीर मामले ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। चुनाव आयोग ने तत्काल प्रभाव से इनके नाम सूची से हटाते हुए साफ किया है कि देश की मतदाता सूची में किसी भी विदेशी नागरिक का नाम दर्ज होना एक गंभीर अपराध है। अब प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि इस फर्जीवाड़े में किस-किस स्तर पर लापरवाही बरती गई या किन लोगों ने इनकी मदद की। मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में आपराधिक केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






