खगड़िया में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 50 हजार का इनामी मो. बुद्दीन ‘हाफ एनकाउंटर’ में घायल
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी मो. बुद्दीन पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया. घायल अपराधी का इलाज पुलिस अभिरक्षा में खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है.

Khagaria / Bihar (Report By- Praveen Kumar Priyanshu): बिहार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खगड़िया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी मो. बुद्दीन पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया. घायल अपराधी का इलाज पुलिस अभिरक्षा में खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलदौर थाना क्षेत्र के चौढ़ली पंचायत स्थित सुखाय वासा निवासी स्वर्गीय मो. सुद्दीन का पुत्र मो. बुद्दीन अपने सहयोगियों के साथ इलाके में मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी.
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से हुई गोलीबारी के दौरान मो० बुद्दीन के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां से एक रेगुलर राइफल और दो देसी कट्टा सहित कई कारतूस बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी पर विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था.
घटना के बाद सदर अस्पताल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायल अपराधी से पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क को खंगालने में जुटी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान उसके साथ और कौन-कौन अपराधी मौजूद थे. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जहानाबाद: दहेज के दानवों ने उजाड़ दी रूपा की दुनिया! लव मैरेज के दो महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

Twisha Sharma केस में आरोपी सास और पति को बड़ा झटका, वकील मृगेंद्र सिंह ने छोड़ा साथ







